
Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार तो अतीत में भी होता था, लेकिन तब सब कुछ अंदर ही अंदर दबा दिया जाता था। उस दौर में भ्रष्टाचारियों को ऊपर से संरक्षण प्राप्त था। लेकिन हमारी सरकार के कार्यकाल में ऐसे मामले न केवल बेनकाब हो रहे हैं, बल्कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
मंत्री ने लोगों से जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि बिना साक्ष्य किसी भी व्यक्ति को आरोपी नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि जांच एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ती है और फाइल बंद होने तक सभी तथ्यों की जांच की जाती है।
उनका यह बयान कपिल सिब्बल के दिए गए बयान के जवाब में आया है। कपिल सिब्बल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट 'एक्स' पर गुरुवार 02 जुलाई को लिखा था, 'राम के नाम पर वोट तो लेंगे, फिर राम को ही वो लूटेंगे। असली हिंदू ये क्या जानें, ये तो फर्जी हिंदू हैं' अपने इस पोस्ट में उन्होंने सीधे तौर पर विश्व हिंदू परिषद, भाजपा और बजरंग दल का नाम लेते हुए निशाना साधा था।
उधर, कपिल सिब्बल के खिलाफ राम मंदिर मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि जिस तरह इसको लेकर राजनीति की जा रही है, वह सरासर गलत है। करोड़ों लोगों की आस्था के साथ कुछ भ्रष्टाचारियों ने खिलवाड़ किया, इसको लेकर कोई नकार नहीं रहा है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुक्रवार को पहली बार चुप्पी तोड़ी थी। उन्होंने बयान दिया था कि रामलला मंदिर में रखे दानपात्रों की चोरी दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे रामभक्तों की भावनाओं और दुर्भाग्यपूर्ण है। राम भक्तों की भावनाओं और श्रद्धा को गहरा आघात पहुंचा है। उनका भरोसा जरूरी है। एसआईटी जांच में जो भी दोषी मिलें उन्हें कठोर दंड मिलना चाहिए।
अयोध्या विकास प्राधिकरण ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के नए मकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, एडीए ने लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को नोटिस जारी किया है। हालांकि लवकुश की पत्नी ने नोटिस मिलने से इनकार किया है।