4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पप्पू यादव का प्रशांत किशोर पर तंज, बोले- जिन्हें बिहार का भूगोल नहीं पता, वे भी बांकीपुर में चुनाव में कूद पड़े

Bankipur Assembly bypoll: पटना की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पप्पू यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जो चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं उनमें से कई न तो बिहार को समझते हैं और न ही उन्होंने मुश्किल समय में लोगों के लिए काम किया है।
2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Jul 04, 2026

pappu yadav

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव (Photo- Facebook)

Bankipur By Election: पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कहा कि यह विधानसभा का उपचुनाव है। फिर भी इसमें कई अमीर और बहुत ताकतवर लोग कूद पड़े हैं, जो सोशल मीडिया पर क्रांति की बात करते हैं, लेकिन असल में उन्हें बिहार के बारे में कुछ नहीं पता। उन्हें राज्य की भौगोलिक स्थिति तक की जानकारी नहीं है, फिर भी वे बांकीपुर से चुनाव लड़ने निकल पड़े हैं। जो कोई भी विधायक बनेगा, वह पक्का कोई न कोई बदमाश ही निकलेगा।

पप्पू यादव ने जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर तंज कसते हुए कहा कि जब राज्य में इतने सारे अपराध या दुखद घटनाएं हुईं, तब ये लोगों के आंसू पोंछने के लिए आगे क्यों नहीं आए? पप्पू यादव ने कहा कि प्रशांत किशोर को सिर्फ भरत तिवारी का मर्डर याद आया। उन्हें पासवान, पूर्णिया में हुई हत्या या कुशवाहा वाली घटना याद नहीं आई। ये सब सिर्फ ब्राह्मण समाज के वोट के लिए रचा गया गंदा खेल है।

बांकीपुर में भारी मतों से चुनाव जीतेगी भाजपा: प्रदेश अध्यक्ष सरावगी

वहीं, बांकीपुर जीतना बीजेपी की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। बीजेपी ने दावा किया है कि स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। बीते दिनों बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कल तारीखों की घोषणा की गई। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को बांकीपुर की जनता धन्यवाद और आभार प्रकट करने वाली है, क्योंकि बांकीपुर की जनता के विधायक को भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया और राज्यसभा में सांसद बनाया। नितिन नवीन ने बांकीपुर के लिए काफी काम किया है। भाजपा भारी मतों से उपचुनाव को जीतने वाली है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा जाने के बाद भी जब भी उनका (नितिन नवीन) बिहार का दौरा होता है तो बांकीपुर की चिंता करना वो नहीं छोड़ते। भाजपा-एनडीए समर्थित जो भी उम्मीदवार होगा अभूतपूर्व मतों से उसकी जीत होगी।

भाजपा को जनता देगी जवाब: शक्ति यादव

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, प्रशांत किशोर की ओर से की जा रही जोर आजमाइश पर टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि राजद बांकीपुर सीट पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा और जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।

प्रशांत किशोर की चुनावी सक्रियता और उनकी पार्टी की ओर से उपचुनाव में दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर शक्ति यादव ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि बहुत सारी पार्टियां हाल के दिनों में बनी हैं। उनको भी इच्छा होती होगी कि हम भी लड़ें और लड़ना ही चाहिए।

बांकीपुर उपचुनाव का ऐलान

चुनाव आयोग ने पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा। मतगणना और परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। नोटिफिकेशन 6 जुलाई को जारी होगा। नामांकन 13 जुलाई तक दाखिल किए जा सकेंगे, जबकि 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।