उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में सूखी और तेज ठंड महसूस की जा रही है। बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट आई है। कई इलाकों में घने कोहरे की वजह से दिन में भी धूप नहीं निकल पा रही है।
मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में घने से अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 6 जनवरी को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वांचल के जिलों में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ जिलों में जीरो मीटर तक दृश्यता रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।
पिछले 24 घंटों में इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान रहा।
बरेली, पीलीभीत, अयोध्या, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, देवरिया, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर, प्रयागराज, कौशांबी, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।