प्रयागराज

कसारी मसारी में ही क्यों दफनाया जाएगा अतीक अहमद का बेटा अबान, जानिए क्या है इसकी वजह

Abaan Ahmed Funeral Update: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का अंतिम संस्कार प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में होगा। यह वही कब्रिस्तान है, जहां अतीक अहमद समेत परिवार के कई सदस्यों को दफनाया गया है। जानिए अबान को भी यहीं सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की वजह...
2 min read
Atiq Ahmed Son Abaan Death, Atiq Ahmed Son Abaan Ahmed Funeral Update
आखिर कसारी मसारी कब्रिस्तान में ही क्यों दफन होगा अतीक अहमद का बेटा अबान अबान अहमद को भी कसारी मसारी कब्रिस्तान में किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक (सांकेतिक इमेज)

Atiq Ahmed Son Abaan Death:उत्तर प्रदेश के झांसी में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद और शाइस्ता परवीन के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की जान चली गई। इस भीषण दुर्घटना में अबान के एक दोस्त की भी मौत हुई है। हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास करने वाला अबान अपने सभी भाइयों में सबसे छोटा था। झांसी में पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दोनों शवों को प्रयागराज लाया जा रहा है। अबान का अंतिम संस्कार प्रयागराज स्थित कसारी मसारी कब्रिस्तान में किया जाएगा।

कसारी मसारी कब्रिस्तान में दफनाने की वजह

माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान के शव को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाएगा। यहां अंतिम संस्कार किए जाने की मुख्य वजह यह है कि अतीक अहमद के परिवार के ज्यादातर सदस्यों का अंतिम संस्कार इसी कब्रिस्तान में हुआ है। यह जगह अतीक अहमद के पैतृक आवास से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसी कब्रिस्तान में अतीक अहमद के माता-पिता खुद अतीक अहमद उसके भाई अशरफ और पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बेटे असद की कब्र भी मौजूद है। अब अबान को भी इसी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

अतीक के पांचों बेटों का अब क्या है हाल

माफिया अतीक अहमद के कुल पांच बेटे थे। इनमें से तीसरे नंबर के बेटे असद की पुलिस एनकाउंटर में पहले ही मौत हो चुकी है। सबसे बड़ा बेटा उमर फिलहाल लखनऊ जेल में बंद है जबकि दूसरा बेटा अली झांसी की जेल में अपनी सजा काट रहा है। चौथे नंबर का बेटा इस समय प्रयागराज के हटवा गांव में अपने रिश्तेदारों के घर पर रह रहा है। वहीं परिवार के सबसे छोटे बेटे अबान की इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है।

उमेश पाल हत्याकांड के बाद भेजा गया था बाल सुधार गृह

चर्चित उमेश पाल हत्याकांड के समय अबान नाबालिग था। इसी वजह से पुलिस ने उसे बाल सुधार गृह भेज दिया था। बाद में न्यायालय के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह से रिहा करके उसके परिजनों और रिश्तेदारों की कस्टडी में सौंप दिया गया था। इसके बाद से वह प्रयागराज में ही अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहा था। हालांकि अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि के चलते वह अक्सर किसी न किसी वजह से मीडिया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहता था।

जानकारी के मुताबिक अबान को दफनाने के लिए कब्र खोदने की प्रक्रिया शुरु हो गई है। अंतिम संस्कार को देखते हुए कसारी मसारी कब्रिस्तान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है ताकि अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।