IPS Ajay Pal Sharma Latest News: TMC नेता जहांगीर को 'हड़काने' वाले सिंघम IPS अजय पाल शर्मा क्या डेप्युटेशन पर बंगाल में ही तैनात रहेंगे? जानिए इस दावे में कितनी सच्चाई है।
IPS Ajay Pal Sharma Latest News: वरिष्ठ पुलिस अधिकारी IPS अजय पाल शर्मा (IPS Ajay Pal Sharma) इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान उनकी सक्रियता और सख्त रवैये के चलते वे सुर्खियों में आए थे। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल हुआ कि BJP सरकार बनने के बाद उन्हें 5 साल के लिए पश्चिम बंगाल में डेप्युटेशन पर भेजा जा रहा है। हालांकि, यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला है और खुद IPS अजय पाल शर्मा ने इसका खंडन किया है।
दरअसल, पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले के फलता क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस वीडियो में IPS अजय पाल शर्मा TMC उम्मीदवार जहांगीर खान के घर पहुंचे थे और उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी थी कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया था और तृणमूल कांग्रेस ने भी उन पर सवाल उठाए थे।
चुनाव के बाद सोशल मीडिया पर कई पोस्ट्स में यह दावा किया गया कि IPS अजय पाल शर्मा को 5 साल के लिए पश्चिम बंगाल में तैनात किया जाएगा। कुछ फर्जी अकाउंट्स ने उनके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर इस तरह की जानकारी फैलानी शुरू कर दी। एक निजी चैनल से बातचीत में IPS अजय पाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि उनके नाम से बनाए गए ये अकाउंट फर्जी हैं और लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से ऐसे पोस्ट किए जा रहे हैं।
IPSअजय पाल शर्मा 2011 बैच के IPS अधिकारी हैं और हाल ही में उन्हें डीआईजी रैंक पर प्रमोट किया गया है। वर्तमान में उनकी तैनाती प्रयागराज में है, जहां वे असिस्टेंट कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) के पद पर कार्यरत रहे हैं। उन्हें उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए 2017 में सिल्वर मेडल और 2025 में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
अजय पाल शर्मा को उनके कड़े और दबंग कार्यशैली के लिए जाना जाता है। वे 500 से अधिक एनकाउंटर से जुड़े रहे हैं और उत्तर प्रदेश के कई जिलों—सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, गाजियाबाद, जौनपुर, नोएडा, रामपुर, उन्नाव, लखनऊ, लखीमपुर खीरी और कानपुर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। खासतौर पर जौनपुर में 22 महीने की तैनाती के दौरान उन्होंने 126 एनकाउंटर किए थे, जिससे उनकी पहचान और मजबूत हुई।
IPS अजय पाल शर्मा को लेकर वायरल हो रही डेप्युटेशन वाली खबर पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने खुद स्पष्ट कर दिया है कि उनकी वर्तमान तैनाती प्रयागराज में ही है और बंगाल से लौटने के बाद वे वहीं अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।