
Lohagarh Fort police recreated murder scene: महाराष्ट्र के सबसे चर्चित लोहगढ़ किला मर्डर केस में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। दरअसल, रविवार को पुलिस ने केतन की मंगेतर और उसके प्रेमी को चेतन दोनों को लेकर घटनास्थल पर लेकर पहंची और मर्डर का सीन रीक्रिएट किया। इस दौरान पुलिस ने केतन अग्रवाल की वजन और हाइट के हिसाब से एक डमी भी लेकर गई थी, जिससे हत्या के सीन को दुबारा किया गया। बता दें कि पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए इस रीक्रेअशन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जांच के लिहाज से यह कदम बेहद महत्वपूर्ण था।
SP संदीप सिंह गिल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'हमारी टीम आरोपी सिया और उसके प्रेमी चेतन को मर्डर सीन रीक्रिएट करने के लिए उस स्पॉट पर लेकर गई थी, जहां से केतन अग्रवाल को धक्का देकर जान से मार दिया गया था। उन्होंने बतया कि आरोपियों ने खुद पुलिस को दिखाया कि वे पुणे से किस रास्ते से किले तक पहुंचे, मर्डर के वक्त दोनों आरोपी कहां खड़े थे, केतन की पोजीशन क्या थी और उन्होंने किस तरह इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पूछताछ में इससे जुड़े कई अहम विवरण दिए हैं।'
इस बीच, लोनावला ग्रामीण पुलिस ने मामले में पुख्ता वैज्ञानिक सबूत जुटाने के लिए एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। दरअसल, पुलिस ने आरोपी चेतन चौधरी की वह बाइक जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल उसने घटना के दिन पुणे से लोहगढ़ किला पहुंचने के लिए किया था। पुलिस ने चेतन की वह 'हुडी' और 'हेडफोन' भी बरामद कर लिए हैं, जो उसने 18 जून (हत्या वाले दिन) पहने हुए थे। लोनावला पुलिस ने बताया कि जब्त की गई गाड़ी और चेतन के कपड़ों का फॉरेंसिक लैब (Forensic Examination) के जरिए तकनीकी परीक्षण भी करा लिया गया है, ताकि वहां से कोई मिट्टी, फाइबर या अन्य साक्ष्य मिल सके।
पुलिस की अब तक की जांच में यह बात पुख्ता हो गई है कि 20 साल की सिया गोयल इस उम्र में केतन अग्रवाल से शादी करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थी। वह अपने परिवार के भारी दबाव में थी और इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर केतन की हत्या की खौफनाक साजिश रची।