
Pune cyber fraud Siya scam: पुणे का चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड और उसमें आरोपी सिया गोयल का नाम अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि शहर में 'सिया' नाम की एक और महिला की वजह से सनसनी फैल गई है। इस बार मामला साइबर अपराध से जुड़ा है, जहां 'सिया' नाम की एक अज्ञात महिला और उसके साथियों ने ऑनलाइन शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर मुलशी तालुका के एक पुलिस अधिकारी से 56.25 लाख रुपए की बड़ी रकम ठग ली।
बता दें कि यह मामला नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच का है। पीड़ित पुलिस अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक नामी ब्रोकरेज फर्म जैसा दिखने वाला विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करते ही अधिकारी एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल हो गए। इसके बाद 'सिया' नामक महिला ने उनसे व्यक्तिगत तौर पर संपर्क किया और शेयर मार्केट व आईपीओ (IPO) में भारी रिटर्न का झांसा देकर एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवा लिया। पीड़ित ने किस्तों में कुल 56 लाख 25 हजार रुपए का निवेश किया। फर्जी ऐप के डैशबोर्ड पर उनका पोर्टफोलियो बढ़कर 10 करोड़ रुपए दिखाई देने लगा, जिससे उन्हें यकीन हो गया कि निवेश सुरक्षित और लाभदायक है।
ठगी का अहसास तब हुआ जब अधिकारी ने डैशबोर्ड पर दिख रहे 10 करोड़ अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करने की कोशिश की। जालसाजों ने पैसे निकालने के एवज में 30 लाख रुपए अतिरिक्त 'सुरक्षा जमा' के रूप में मांगे। शक होने पर जब अधिकारी ने और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने व्हाट्सएप ग्रुप डिलीट कर दिया और सभी संपर्क तोड़ लिए।
जब खुद के साथ धोखाधड़ी का पता चला तो पीड़ित पुलिस अधिकारी ने मुलशी के पौड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिला 'सिया' और उसके सहयोगियों के खिलाफ साइबर अपराध और ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुणे में केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद अब इस 'दूसरे सिया कांड' की शहर भर में जबरदस्त चर्चा हो रही है।