पुणे

Honeytrap News Pune: प्रिंसिपल को POCSO एक्ट में फंसाया फिर वसूले सात लाख रूपए, ‘रील स्टार’ लेडी कॉन्स्टेबल सहित 3 पुलिसकर्मी पर आरोप

Pune Police Extortion Case: महाराष्ट्र के पुणे से खाकी को दागदार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर 'रील स्टार' के रूप में मशहूर एक महिला कॉन्स्टेबल और उनके दो साथियों पर एक स्कूल प्रिंसिपल को हनीट्रैप में फंसाकर लाखों की उगाही करने का गंभीर आरोप लगा है।
2 min read
Apr 09, 2026
Feature image
AI से बना प्रतीकात्मक तस्वीर

Crime News: आरोपियों की पहचान पुलिस सब-इंस्पेक्टर अजीत बडे, कॉन्स्टेबल सुदाम तायड़े और दामिनी स्क्वाड की सदस्य सोनाली हिंगे के रूप में हुई है। सोनाली हिंगे इंस्टाग्राम पर भी काफी एक्टिव हैं और उनके करीब 40 हजार फॉलोअर्स हैं। यह केस पुणे के बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुणे के एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के 55 वर्षीय प्रिंसिपल को निशाना बनाया। उन्होंने प्रिंसिपल को यह कहकर डराया कि उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज किया जाएगा। इस कानून के तहत मामला दर्ज होने पर गिरफ्तारी और सामाजिक बदनामी का खतरा रहता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने दबाव बनाया।

वर्दी को बनाया भ्रष्टाचार और ब्लैकमेलिंग का जरिया

वर्दी की आड़ में उगाही के इस खेल में आरोपियों ने अपने पद और रसूख का जमकर इस्तेमाल किया। उन्होंने 55 वर्षीय प्रिंसिपल के मन में कानून और सामाजिक बदनामी का ऐसा खौफ पैदा किया कि वे पूरी तरह टूट गए। पुलिसकर्मियों ने अपनी पावर की धौंस जमाते हुए पीड़ित को यह भरोसा दिलाया कि उनके पास मामले को 'मैनेज' करने की ताकत है। उन्होंने दावा किया कि यदि मोटी रकम दी जाती है, तो वे पूरे केस को रफा-दफा कर देंगे और उन्हें किसी भी कानूनी पचड़े में नहीं फंसने देंगे। आखिर में करियर और सम्मान बचाने की खातिर भारी दबाव में आकर प्रिंसिपल ने आरोपियों को 7 लाख रुपये सौंप दिए। यह घटना साफ तौर पर दिखाती है कि कैसे रक्षकों ने ही अपनी वर्दी को भ्रष्टाचार और ब्लैकमेलिंग का जरिया बना लिया।

पुलिसकर्मी स्कूल में गुड टच-बैड टच जागरूकता कार्यक्रम में पहुंचे थे

हालांकि, बाद में प्रिंसिपल को इस पूरे मामले पर शक हुआ। उन्हें लगा कि उनके साथ धोखा किया गया है। इसके बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिसकर्मी स्कूल में गुड टच-बैड टच जागरूकता कार्यक्रम के नाम पर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मौके का फायदा उठाकर प्रिंसिपल को टारगेट किया और बाद में उन्हें धमकाकर पैसे वसूल लिए।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

आरोपी अजीत बडे वर्तमान में साइबर पुलिस स्टेशन में तैनात है, जबकि सोनाली हिंगे और सुदाम तायड़े शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन से जुड़े हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने जांच के आदेश दिए। शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस तरह की घटनाओं में और लोग भी शामिल हैं या नहीं। सोशल मीडिया पर ‘रील स्टार’ के रूप में पहचान रखने वाली कॉन्स्टेबल का इस तरह के मामले में नाम आना चर्चा में है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।

Updated on:
09 Apr 2026 05:05 pm
Published on:
09 Apr 2026 05:05 pm