
Siya Goyal case Pune Maharashtra: पुणे में विवादों में घिरीं सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने अपने परिवार और व्यवसाय को निशाना बनाए जाने पर गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की है। अपनी बेटी के कारण समाज और प्रशासन के निशाने पर आए परेशान पिता ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगातार साजिशें रची जा रही हैं और ऐसा महसूस हो रहा है जैसे बेटी की कथित गलतियों की सजा सीधे उन्हें और उनके निर्दोष परिवार को दी जा रही है।
प्रवीण गोयल ने अपनी दुकान पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई की पूरी जानकारी साझा करते हुए कहा कि 14 तारीख की सुबह करीब 11:30 बजे खाद्य विभाग के अधिकारी उनकी दुकान पर पहुंचे थे। जांच टीम ने उनकी दुकान से खाद्य पदार्थों के चार सैंपल इकट्ठे किए। दुकान के लाइसेंस को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने नए लाइसेंस के लिए आवेदन कर दिया है, जिसके अगले 8 से 10 दिनों में आने की उम्मीद है। उन्होंने इन अफवाहों को खारिज किया कि उनकी दुकान को प्रशासन द्वारा सील किया गया है। उन्होंने कहा कि लाइसेंस आने तक उन्हें दुकान बंद रखने को कहा गया है और वे इस निर्देश का पूरी तरह पालन कर रहे हैं।
अपनी बेटी सिया गोयल पर लगे आरोपों को लेकर प्रवीण गोयल ने कानून और न्यायपालिका के प्रति अपनी पूरी निष्ठा जताई है। उन्होंने कहा कि 'जहां तक मेरी बेटी का सवाल है, अगर वह जांच में दोषी पाई जाती है, तो उसे कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। मैं देश की न्यायपालिका और कानून के साथ पूरी तरह खड़ा हूं और जांच प्रक्रिया में हर तरह से सहयोग करुंगा।'
प्रवीण गोयल ने समाज और लोगों द्वारा उनके परिवार को निशाना बनाए जाने पर बेहद भावुक होकर चिंता जताई। उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा कि लोग बार-बार उनके परिवार को निशाना बना रहे हैं, जिससे ऐसा लग रहा है कि सजा उनकी बेटी के बजाय उन्हें भुगतनी पड़ रही है। इस पूरे घटनाक्रम और सामाजिक दबाव के कारण उनका पूरा परिवार बेहद पीड़ित है और वे खुद लंबे समय से गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।