
PDA Rath Yatra: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को रायबरेली से PDA रथ यात्रा की शुरुआत की। कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले रायबरेली से यात्रा शुरू करने के बाद अखिलेश यादव बछरावां टोल प्लाजा पहुंचे, जहां रथ के ऊपर खड़े होकर उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान अखिलेश यादव सपा विधायक राहुल लोधी के घर जाएंगे और छात्रसभा के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।
अखिलेश यादव दोपहर करीब 12:30 बजे निगोहा में PDA रथ पर सवार हुए। उन्हें देखने के लिए सड़क पर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। अखिलेश ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश जिंदाबाद और PDA जिंदाबाद के नारे लगाए। यहीं से अखिलेश यादव रायबरेली के लिए रवाना हुए और PDA रथ यात्रा की शुरुआत की।
अखिलेश की PDA बस पर ‘समाजवादी पीडीए यात्रा’ लिखा हुआ है। बस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर समेत कई समाज सुधारकों की तस्वीरें लगी हैं। इसके अलावा बस पर ‘सामाजिक न्याय का परचम लहराएगा, पीडीए ही परिवर्तन लाएगा’ जैसे नारे भी लिखे गए हैं।
अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट पर लिका कि पीडीए रथ का है आग़ाज, संग है पीडीए की आवाज, अब होने वाला है बदलाव, होगा यूपी फिर से ख़ुशहाल
मंत्री दयाशंकर सिंह ने अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा पर कहा कि PDA इनका केवल एक चुनावी जुमला है। PDA के बारे मेंअखिलेश यादव खुद कन्फ्यूज हैं कि यह PDA है क्या। कभी आप देखते हैं कि P से पिछड़ा बोलते हैं, फिर P से पंडित बोलते हैं, फिर कभी A से अल्पसंख्यक बोलते हैं, फिर A से आधी आबादी बोलते हैं। यह कुछ नहीं है, इनका एक चुनावी जुमला है।
आगामी यूपी चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी की सार्वजनिक प्रदर्शन यात्रा पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह रथ यात्रा हमारी पार्टी, राज्य की जनता और देश के लिए एक शुभ संदेश और संकेत है। जब भी हमने कोई यात्रा की है, वह राज्य की जनता और हमारे लिए शुभ रही है