रायबरेली

रायबरेली में PDA रथ यात्रा की शुरुआत, पोस्टर में अखिलेश यादव कृष्ण के रूप में दिखे, विश्वास द्विवेदी बने सुदामा

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव आज रायबरेली से PDA रथयात्रा शुरू करेंगे। उनके दौरे से पहले सपा नेता विश्वास द्विवेदी ने अखिलेश यादव को भगवान कृष्ण और खुद को सुदामा के रूप में दिखाते हुए पोस्टर लगाया।
2 min read
• •
Updated: 24 Sep 2026, 8:51 AM IST
Akhilesh Yadav
अखिलेश यादव रायबरेली में PDA रथ यात्रा की शुरुआत करेंगे (IANS Photo)

PDA Rath Yatra: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली से PDA रथयात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। उनके दौरे से पहले जिले में पोस्टरबाजी ने लोगों का ध्यान खींचा है। सपा नेता विश्वास द्विवेदी ने अखिलेश यादव को भगवान कृष्ण और खुद को सुदामा के रूप में दिखाते हुए पोस्टर लगाया है। वहीं, लखनऊ-रायबरेली मार्ग और बछरावां कस्बे में अखिलेश यादव के विरोध में भी पोस्टर लगाए गए हैं। अखिलेश यादव रायबरेली में जनसभा करेंगे और हरचंदपुर के सपा विधायक राहुल लोधी के घर भी जाएंगे।

पोस्टर में अखिलेश यादव को भगवान कृष्ण के रूप में दिखाया

अखिलेश यादव के रायबरेली पहुंचने से पहले सपा नेता विश्वास द्विवेदी की ओर से लगाए गए पोस्टर चर्चा में हैं। इसमें अखिलेश यादव को भगवान कृष्ण के रूप में दिखाया गया है, जबकि विश्वास द्विवेदी ने खुद को सुदामा के रूप में पेश किया है। पोस्टर पर लिखा है कि मेरे माधव आपका सुदामा की धरती रायबरेली में स्वागत है। विश्वास द्विवेदी समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव युवजन सभा के पद पर हैं। इससे पहले अखिलेश यादव के जन्मदिन के मौके पर भी उन्हें कृष्ण के रूप में दिखाने वाला पोस्टर सामने आया था। उस पोस्टर में अखिलेश यादव के हाथ में संविधान की किताब दिखाई गई थी।

बछरावां से शुरू होगी रथयात्रा

अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा रायबरेली के बछरावां से शुरू होकर हरचंदपुर के सपा विधायक राहुल लोधी के घर तक जाएगी। इसके बाद यात्रा रायबरेली शहर में पहुंचेगी। अखिलेश यादव जीआईसी मैदान में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में वह कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात भी करेंगे।

PDA का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक है। समाजवादी पार्टी ने साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस अभियान के जरिए इन वर्गों तक पहुंच बनाने की तैयारी की है। पार्टी के PDA रथ पर डॉ. भीमराव आंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र, मुलायम सिंह यादव और बेनी प्रसाद वर्मा जैसे नेताओं की तस्वीरें और सामाजिक न्याय से जुड़े संदेश भी लगाए गए हैं।

राहुल लोधी के घर भी जाएंगे अखिलेश

अखिलेश यादव हरचंदपुर के सपा विधायक राहुल लोधी के घर भी जाएंगे। यह दौरा 17 सितंबर को रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद हो रहा है। सदस्यता अभियान को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था। अखिलेश यादव ने राहुल लोधी के घर जाने का ऐलान किया था।

अखिलेश यादव वापस जाओ के लगे पोस्टर

अखिलेश यादव की रथयात्रा से पहले उनके विरोध में भी पोस्टर लगाए गए हैं। लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर लगाए गए पोस्टरों में लिखा गया है, कि अखिलेश रोड पर 20 करोड़ की वैनिटी दौड़ा रहे, ये सड़क किसने बनवाई, इन्हीं पोस्टरों में अखिलेश यादव से सवाल किया गया है कि कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि कब देंगे? इसके अलावा कई जगह अखिलेश यादव को गिरगिटेश बताने वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं।

बछरावां कस्बे और प्रमुख चौराहों पर अखिलेश यादव वापस जाओ के पोस्टर लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है। स्थानीय भाजपा नेता हरिओम चतुर्वेदी ने इन पोस्टरों को लगवाने की जिम्मेदारी ली है। पोस्टरबाजी को लेकर सपा नेताओं में नाराजगी बताई जा रही है।

Updated on:
24 Sep 2026, 8:51 AM IST
Published on: