Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए रायबरेली लोकसभा सीट पर बीजेपी ने दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है और कांग्रेस ने राहुल गांधी को चुनावी मैदान में उतारा है।
UP Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के मतदान से पहले रायबरेली दौरे पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह समाजवादी पार्टी के विधायक मनोज पांडेय के घर पहुंचे। यहां पर गृहमंत्री अमित शाह सपा विधायक के परिवार से मुलाकात की। इसके साथ ही रायबरेली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह भी वहां मौजूद रहे।
भाजपा रायबरेली लोकसभा सीट पर जीत का डंका बजाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। इसी क्रम में अमित शाह रायबरेली पहुंचे हैं। उन्होंने सपा विधायक मनोज पांडेय से मुलाकात की है। हाल ही में समाजवाजी पार्टी विधायक मनोज पांडेय ने अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी से भी मुलाकात की थी। इसके बाद मनोज पांडेय ने स्मृति ईरानी के साथ मंच पर भी दिखाई दिए थे।
2024 के फरवरी महीने में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान रायबरेली के ऊंचाहार विधानसभा से सपा विधायक मनोज पांडेय ने भाजपा उम्मीदवार को वोट दिया था। समाजवादी के सचेतक पद से इस्तीफा देने के बाद से ही कयास लगाया जा रहा था कि मनोज पांडेय बीजेपी में जा सकते हैं।
रायबरेली लोकसभा सीट से भाजपा ने दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने राहुल गांधी को चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस पार्टी रायबरेली सीट पर एक बार फिर अपना कब्जा जमाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।
2019 के लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी ने रायबरेली लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की थी। सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हो गई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने यूपी में केवल रायबरेली की सीट पर ही जीत दर्ज कर पाई थी। अब सोनिया गांधी के इस सीट को छोड़ने के बाद राहुल गांधी को आगे किया गया है।