रायबरेली

‘योगी सरकार की भद पिटवा रहे…’, BJP विधायक बोले- नर्क मचा रखा है, नहीं चाहिए ऐसे अधिकारी

BJP MLA Big Statement: बिजली शिविर में माहौल जब गरमाया जब BJP विधायक ने SDO पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर तीखी नाराजगी जताई। जानिए पूरा मामला क्या है?
2 min read
bjp mla ashok kori leveled serious allegations against sdo raebareli up
BJP विधायक अशोक कोरी ने एसडीओ पर लगाए गंभीर आरोप। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

BJP MLA Big Statement: उत्तर प्रदेश के रायबरेली के सलोन क्षेत्र में बिजली समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित मेगा शिविर उस वक्त विवादों में आ गया, जब भाजपा विधायक अशोक कुमार कोरी (Ashok Kumar Kori) अधिकारियों पर भड़क उठे। ब्लॉक सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मौजूद लोगों के सामने ही विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर तीखी नाराजगी जताई।

SDO पर जमकर बरसे विधायक

कार्यक्रम के दौरान विधायक अशोक कोरी ने छतोह के SDO ध्रुवचंद्र जायसवाल (Dhruvchandra Jaiswal) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अत्यधिक घूसखोरी हो रही है और इससे सरकार की छवि खराब हो रही है। विधायक ने चीफ इंजीनियर से सीधे कहा कि ऐसे अधिकारियों को क्षेत्र से हटाया जाए, क्योंकि उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं। विधायक ने कहा, '' इतनी घूसखोरी जिसकी कोई हद नहीं। इन्होंने नर्क मचा दिया है और ये योगी सरकार की भद पिटवा रहे हैं, ऐसे अधिकारी हमारे क्षेत्र में नहीं चाहिए। इन्हें यहां से हटाइए।''

'विधायक को विधायक नहीं समझते'

अशोक कोरी ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी ना तो जनप्रतिनिधियों का सम्मान करते हैं और ना ही शासन की मंशा के अनुरूप काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, '' ये तो विधायक को विधायक नहीं समझते'', जिससे उनकी नाराजगी साफ झलक रही थी। उनके इस बयान से कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी असहज नजर आए।

जनता ने भी किया समर्थन

विधायक के तेवर देख मौके पर मौजूद आम लोग भी उनके समर्थन में उतर आए। बिजली समस्याओं को लेकर पहले से परेशान लोग हल्ला-गुल्ला करने लगे और अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाने लगे, जिससे माहौल और ज्यादा गर्म हो गया।

विजिलेंस टीम पर भी उठाए सवाल

विधायक ने विजिलेंस टीम की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चेकिंग के नाम पर गरीबों का उत्पीड़न किया जा रहा है, जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अवैध वसूली बंद नहीं हुई, तो इसकी शिकायत सीधे शासन स्तर पर की जाएगी।

घटना का वीडियो आने पर मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि यह मेगा शिविर बुधवार को आयोजित हुआ था, लेकिन मामला दबा रहा। जैसे ही इस घटना का वीडियो सामने आया, यह मामला चर्चा में आ गया और तेजी से फैल गया।

SDO ने दी सफाई

इस पूरे मामले पर SDO ध्रुवचंद्र जायसवाल ने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक बैठक में कोई भी कुछ भी कह सकता है और जनप्रतिनिधियों को अगर किसी काम से नाराजगी है, तो वह उनकी व्यक्तिगत राय हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपना कार्य कर रहे हैं और यदि आरोप हैं, तो उनके समर्थन में ठोस साक्ष्य भी पेश किए जाने चाहिए।