
रायबरेली. 19 साल तक कांग्रेस अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी अब निर्वतमान अध्यक्ष हो गयी हैं। राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के विधिवत अध्यक्ष हो गए हैं। राहुल की ताजपोशी का जश्न सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष के दफ्तर को फूलों से सजाया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र में मिठाइयां बांटी जा रही हैं। कई जगह से हवन और पूजन का भी कार्यक्रम चल रहा है। अंखड रामायण पाठ का आयोजन भी कुछ उत्साही कांग्रेसियों ने किया है। लेकिन इन सब के बीच राहुल के पोस्टरों के साथ ही उनकी बहन प्रियंका गांधी के भी बड़े-बड़े पोस्टर लगे हैं। जो इस बात के संकेत दे रहे हैं कि 2019 के चुनावों में सोनिया गांधी की राजनीतिक विरासत को संभालने प्रियंका गांधी आ रही हैं।
रिजर्व नेचर के राहुल को चाहिए प्रियंका का साथ
रायबरेली निवासी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के गुरु गया प्रसाद का परिवार इस मौके पर यवन और यज्ञ कर रहा है। उनके घर के सामने जमावड़ा है। राहुल के साथ प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं। गया प्रसाद के बेटे जगदीश शुक्ला राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने से बहुत खुश हैं। वे कल से ही यही बात दोहरा रहे हैं कि मेरे पिता हमेशा कहते थे कि राहुल गांधी बहुत शांत और रिजर्व रहते हैं। उन्हें प्रियंका की जरूरत है। वह प्रियंका में इंदिरा गांधी की छवि देखते थे। जगदीश शुक्ला कहते हैं कि प्रियंका काफी मुखर हैं और हमें लगता है कि राजनीति में भाई-बहन की यह जोड़ी बहुत अच्छा कर सकती है। हमें उम्मीद है कि प्रियंका 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ेंगी।
राहुल के लिए कर रहे यज्ञ
जगदीश शुक्ला बताते हैं कि उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है। वे कहते हैं कि कांग्रेस की सलामती और गांधी परिवार की उन्नति के लिए 1967 से हवन और गणेश आरती करता आ रहा है। वे बताते हैं कि 1967 से पहली बार इंदिरा गांधी यहां से सांसद बनी थीं। इसके बाद से जब भी यहां से कांग्रेस नेता अपना नामांकन भरता है हमारा परिवार हवन और पूजन करता है। राहुल की ताजपोशी पर भी इसीलिए हवन पूजन किया जा रहा है। वे इस बात को निरर्थक बताते हैं कि राहुल गांधी हिंदू नहीं हैं। वे कहते हैं कि गांधी परिवार हमेशा पूजा में हिस्सा लेता रहा है। बालेश्वरजी मंदिर में राहुल परिवार के पूजा करने की तस्वीर भी उन्होंने हवन स्थल पर लगा रखी है। जिसमें गांधी परिवार पूजा करता दिख रहा है।
प्रियंका को लेकर उत्साह
स्थानीय कांग्रेस नेता कहते हैं कि प्रियंका गांधी में गजब का आकर्षण है। उनमें नेतृत्व क्षमता है। इसलिए राहुल गांधी के सहयोग के लिए उन्हें रायबरेली में अपनी मां की कर्मभूमि को संभालना चाहिए। उत्साही कांग्रेसी नारे लगाते हुए कहते हैं कि हम सब जल्द ही दिल्ली जाएंगे और प्रियंका गांधी से आग्रह करेंगे कि वह सोनिया की जगह रायबरेली से आगामी चुनाव लडऩे की तैयारी करें।