पहले दो घंटे तक किया धरना प्रदर्शन
रायगढ़. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल को सीडी कांड में गिरफ्तार किए जाने के मामले को लेकर जिला मुख्यालय में भी प्रदर्शन किया गया। सुबह 11 बजे से पहले धरना प्रदर्शन किया गया। वहीं इसके बाद कांग्रेसियों ने गिरफ्तारी दी। लगभग 230 कांग्रेसियों ने गिरफ्तारी दी।
पुलिस प्रशासन की ओर से साप्ताहिक इतवारी बाजार को अस्थायी जेल बनाया गया था। पिछले दिनों कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को सीडी कांड के मामले में पुलिस ने गिरफ्तारी की थी। इस बात को लेकर कांग्रेस के द्वारा प्रदेश के जगह-जगह प्रदर्शन किया जा रहा है। गुरुवार को जिला मुख्यालय में भी इस बात को लेकर प्रदर्शन किया गया।
गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता रामनिवास टाकीज चौक पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन शुरू किया। धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने राज्य सरकार को खूब कोसा। वहीं कुछ कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री रमन सिंह पर भी निशाना साधा। कांग्रेसियों का कहना था कि प्रदेश की जनता भाजपा को नकार रही है।
इससे मुख्यमंत्री को यह आभाष हो चुका है कि अब भाजपा और उनके हाथों से प्रदेश की सत्ता जा रही है। ऐसे में वे खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचे की तर्ज पर कार्य कर रही है। यहीं वजह है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन के बाद कांग्रेस जेल भरो आंदोलन के लिए सभा स्थल से रैली के माध्यम से जेल की ओर रवाना हुई। इस दौरान जोरशोर से नारेबाजी भी की जा रही है।
कांग्रेस के कार्यकर्ता साप्ताहिक इतवारी बाजार के पास पहुंचे थे इसी समय पुलिस के द्वारा उन्हों रोका गया और सभी कार्यकर्ताओं को बाजार के अंदर लाया गया। इस समय पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी थी। हालांकि पुलिस के जवानों ने कांग्रेसियों को बाजार के अंदर लाने में सफलता हासिल की। पुलिस के द्वारा साप्ताहिक इतवारी बाजार को अस्थायी जेल बनाया गया था। जहां कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि 39 महिलाओं के साथ कुल 230 कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई।
ये रहे मौजूद
मौजूदा समय में विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में कांग्रेस के इस धरना प्रदर्शन में अधिकांश कांग्रेसी नजर आए। इसमें प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री केके गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य प्रकाश नायक, वासुदेव यादव, डॉ. राजू अग्रवाल, सुरेंद्र सिदार मौजूद थे। इसके अलावा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जयंत ठेठवार, अरुण मालाकार, संजय देवांगन, शाखा यादव, जगदीश मेहर, नगेंद्र नेगी, अनिल शुक्ला सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
पुलिस होती रही परेशान
कांग्रेस के द्वारा यह प्रदर्शन शहर के राम निवास टाकीज चौक के पास किया गया था। कांग्रेस के प्रदर्शन का समय जैसे-जैसे बढ़ रहा था। मौके पर कार्यकर्ताओं की भीड़ भी बढ़ रही थी। इससे चौक की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इस व्यवस्था को दुरुस्त करने में पुलिस भी परेशान होती नजर आई। हालांकि जब ट्रैफिक व्यवस्था नहीं संभल रही थी, तब वहां लगाए गए बेरिकेट्स को हटाया गया। इसके बाद आवागमन करना कुछ आसान हुआ।