-लैलूंगा थाना क्षेत्र की घटना -पीडि़त परिजनों ने लैलूंगा पुलिस पर लगाए उचित कार्रवाई नहीं करने के आरोप
रायगढ़. लैलूंगा नगर पंचायत एल्डरमैन के भाई ने एक युवक के साथ मारपीट करते हुए उसे तेल से भरे खौलते कढ़ाई में फेंक दिया। जिससे युवक के कमर के नीचे का हिस्सा 50 प्रतिशत तक झुलस गया है। आहत को इलाज के लिए लैलूंगा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस मामले में पीडि़त परिजनों ने लैलूंगा पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए मामूली धारा लगाने की बात कही है। वहीं इसकी लिखित शिकायत एसपी से भी की गई है। जिस पर एसपी ने पीडि़त परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी नूर आलम पिता मैन्नुदीन खान वार्ड क्रमांक 7 हुसैन कॉलोनी लैलूंगा का रहने वाला है। उसने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उसका बेटा अफजल मोमिन बस स्टैंड के पास स्थित नगर पंचायत कॉम्प्लेक्स में मोबाइल व घड़ी की दुकान लगाता है।
वहीं पर आरोपी पवन मित्तल भी मोबाइल व घड़ी की दुकान लगाता है। दोनों का दुकान सटा हुआ है। 08 मई की शाम लगभग 04 बजे अफजल प्लास्टिक की बाल्टी लेकर रमेश होटल के पास स्थित पानी टंकी पानी लेने गया था। तभी वहां पर पवन मित्तल भी आ गया और अफजल को घूर कर क्या देख रहा है कहते हुए कॉलर पकड़ कर मारना शुरू कर दिया। जब तक अफजल संभल पाता पवन ने उसे पकड़ कर रमेश होटल के नाश्ता बनाने वाले कढ़ाई में फेंक दिया। जिसमें खौलता तेल था। जिससे अफजल के कमर का हिस्सा बुरी तरह गरम तेल से जल गया।
आहत को किसी तरह लैलूंगा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। आहत के पिता ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि इस घटना में उसका बेटा 50 प्रतिशत झुलस गया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पवन मित्तल के खिलाफ धारा 323, 324 आईपीसी के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
मामले को रफा-दफा करने की कोशिश
12 मई को पीडि़त परिजन अपनी शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे थे। वहीं एसपी को दिए आवेदन में नूर आलम ने कहा है कि जिस हिसाब से उसके बेटे को मारपीट कर खौलते तेल की कढ़ाई में फेंका गया है, यह जानलेवा हमला है। अगर अफजल का चेहरा झुलस जाता तो उसकी जान भी जा सकती थी। लेकिन लैलूंगा पुलिस ने इस मामले में धारा 307 का अपराध दर्ज करने के बजाय मामूली धारा के तहत अपराध दर्ज किया है। क्योंकि आरोपी पवन मित्तल नगर पंचायत के एल्डरमैन उमेश मित्तल का भाई है। ऐसे में राजनीति धौंस के कारण पुलिस मामले को रफा-दफा करने का प्रयास कर रही है। इस पर एसपी ने पीडि़त परिजनों को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
ग्राहक आने-जाने को लेकर विवाद
नूर आलम ने एसपी को दिए शिकायत में इस बात का उल्लेख किया है कि पवन मित्तल ने दुकान में आने-जाने वाले ग्राहकों को लेकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। साथ ही यह भी कहा है कि हम कमजोर वर्ग के हैं, इसलिए हमारे साथ दादागिरी की जा रही है और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिससे पूरा परिवार डरा सहमा है। एसपी ने इस मामले में पीडि़त परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, अब यह देखने वाली बात होगी कि पीडि़त परिजनों को कब तक न्याय मिलता है।