पे-बिल नहीं निकलने से हो रही परेशानी
रायगढ़. नगर निगम के कर्मचारियों का वेतन एक बार फिर निष्ठा एप की वजह से रूक गया है। बताया जा रहा है कि इस बार एप से पे-बिल नहीं निकल रहा है। इसकी वजह से समस्या हो रही है।
इस समस्या का निराकरण डेढ़ माह तक नहीं किया जा सका। इससे कर्मचारियों को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है। इस बात की शिकायत अधिकारियों से भी की जा चुकी है, लेकिन इसका निराकरण अब तक नहीं किया जा सका।
निष्ठा एप से कर्मचारियों की उपस्थिति उनके लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। पहले कार्य करने के बाद एप में उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती थी। इससे काम करने के बाद भी कर्मचारियों का वेतन कटने की शिकायत आ चुकी है। वहीं अब एप से पे-बिल नहीं निकलने की बात सामने आ रही है।
इससे डेढ़ माह से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल सका है। ऐसे में कर्मचारियों को आर्थिक तंगी झेलना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि इस समस्या को लेकर निगम के कर्मचारियों ने इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों ंसे भी की। ऐसे में यह कहा गया था कि जो संबंधित विभाग के प्रभारी हैं वे कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज की गणना करते हुए एकांउट शाखा में भेजे। इसके बाद कर्मचारियों की उपस्थिति के अनुसार उन्हें वेतन का भुगतान किया जाएगा, लेकिन इसमें भी लापरवाही की बात सामने आ रही है। संबंधित विभाग के एचओडी के द्वारा उपस्थिति की जानकारी एकांउट शाखा में नहीं भेजी गई। इससे वेतन नहीं मिल सका।
किया जा चुका है प्रदर्शन
निष्ठा एप में गड़बड़ी होने की शिकायत लगातार मिल रही है। इससे पहले भी कई कर्मचारियों के कार्य किए जाने के बाद उपस्थिति कम दर्ज हुई थी। ऐसे में कई कर्मचारियों का वेतन कट कर आया था। इस समस्या को लेकर कर्मचारियों ने काम बंद हड़ताल कर दिया था। हालांकि नगर निगम आयुक्त की समझाइश के बाद घंटे भर के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया था।
-एप से पे-बिल नहीं निकल रहा है। इसकी वजह से यह समस्या आई है। इस समस्या की वजह से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल सका है।
-अनिल बाजपेई, कर्मचारी संघ अध्यक्ष, नगर निगम