रायगढ़

CG Election: चुनावी खर्च का सही ब्यौरा नहीं देने पर विधायक रोशनलाल, विजय व लीनव राठिया को नोटिस

Chhattisgarh Election 2018- तीन दिन के भीतर नहीं दिया जवाब तो संबंधित प्रत्याशियों पर आयोग करेगा कार्यवाही

2 min read
Nov 11, 2018
चुनावी खर्च का सही ब्यौरा नहीं देने पर विधायक रोशनलाल, विजय व लीनव राठिया को नोटिस
चुनावी खर्च का सही ब्यौरा नहीं देने पर विधायक रोशनलाल, विजय व लीनव राठिया को नोटिस

रायगढ़. विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार प्रसार में खर्च होने वाले चुनावी खर्च का सही ब्यौरा निर्वाचन आयोग को न देने पर आयोग ने रायगढ़ से भाजपा के उम्मीदवार व विधायक रोशनलाल अग्रवाल और निर्दलीय प्रत्याशी विजय अग्रवाल सहित धरमजयगढ़ से भाजपा प्रत्याशी लीनव राठिया को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर सही ब्यौरा देने का निर्देश दिया है। यदि तीन दिन के भीतर जवाब नहीं दिया जाता है तो संबंधित प्रत्याशियों पर आयोग कार्यवाही करेगा।

गौरतलब है कि भाजपा के प्रत्याशी रोशन लाल अग्रवाल ने एक नवम्बर को आयोजित नामांकन रैली में किए गए व्यय का विवरण (व्यय लेखा) प्रस्तुत नहीं किया गया है। निर्वाचन कार्यालय द्वारा नियुक्त विडियो अवलोकन टीम द्वारा प्रस्तुत रिकार्ड अनुसार 2 एवं 3 नवंबर को विभिन्न बैठक एवं जनसंपर्क में भी किए गए व्यय मदों को छोड़ा गया है।

इसके कारण व्यय लेखा पंजी एवं छाया प्रेक्षण पंजी का मिलान नहीं हो पा रहा है। इसी तरह रायगढ़ से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी विजय अग्रवाल ने भी 20 अक्टूबर को सरिया (रायगढ़) में बैठक का आयोजन किया और उसका व्यय संबंधी ब्यौरे नहीं दिया। इतना ही नहीं उन्होंने 31 अक्टूबर को नामांकन रैली के दौरान किए गए व्यय को भी नहीं दर्शाया, जबकि निर्वाचन आयोग की टीम ने वीडियो अवलोकन का रिकार्ड प्रस्तुत किया है। इसमें वाहन, फूल माला, पानी पाऊच सहित अन्य खर्च को नहीं दर्शाया गया है।

लीनव राठिया ने भी दी अधूरी जानकारी
धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी लीनव राठिया के द्वारा एक नवबर को नामांकन रैली का आयोजन किया गया था। इसमें व्यय संबंधित बाउचर प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। साथ ही रैली में किए गए व्यय जो की निर्वाचन विडियो अवलोकन टीम रायगढ़ द्वारा प्रस्तुत रिकार्ड अनुसार मेल नहीं खा रहे हैं। जिसके कारण व्यय पंजी एवं छाया प्रेक्षण पंजी में मिलान नहीं हो पा रहा है।

Updated on:
11 Nov 2018 01:14 pm
Published on:
11 Nov 2018 12:37 pm