
धरमजयगढ़-खरसिया मार्ग पर बस और ट्रक के बीच टक्कर ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh Road Accident: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में सुबह एक तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। यह सड़क हादसा सुबह करीब 9:00 बजे हुआ, जिसमें 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची रायगढ़ पुलिस की टीम ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। भीषण टक्कर में बस के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर रवाना हुई थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। जैसे ही बस मुख्य मार्ग पर आगे बढ़ी, सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस व निजी वाहनों की सहायता से तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, 15 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर बहाल कराया।
Updated on:
24 Sept 2026 11:56 am
Published on:
24 Sept 2026 11:34 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
