
रायगढ़. भारतीय स्टेट बैंक की लैलूंगा शाखा में व्याप्त अव्यवस्था और ग्राहकों को हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया गया था। ऐसे में बैंक प्रबंधन द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए जहां एक ओर शाखा के कर्मचारियों की खबर लेकर व्यवस्था दुरुस्त करने की कोशिश की गई, वहीं दूसरी ओर लोगों को लंबी कतारों से हो रही परेशानी से निजात दिलाते हुए शाखा में टोकन मशीन लगाई गई है।
ज्ञात हो कि कुछ समय पहले तक शाखा पर रसूखदारों को प्राथमिकता और आम लोगों के साथ सौतेलापन का आरोप ग्रामीण एवं स्थानीय ग्राहकों द्वारा लगाया जा रहा था । टोकन सिस्टम लगने के बाद लोगों की यह समस्या तो जाती रही पर लंबे समय से चल रही परिसर में टॉयलेट बनवाने की मांग अधूरी रह गई।
ज्ञात हो कि ब्लॉक के विभिन्न पंचायतों से सैकड़ों की तादाद में खाता धारकों की आवाजाही सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक इस बैंक परिसर में लगी रहती है। भारी भीड़ के कारण यहां लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में टॉयलेट का अभाव लोगों को काफी परेशान कर रहा है।
परिसर के आस-पास भी इसके लिए कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण सुदूर ग्राम पंचायतों से आई महिलाओं एवं बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर के सबसे व्यस्ततम इलाके में भारी भीड़ एवं सरकारी कार्यालयों के बीच ग्रामीणों को इस समस्या से निपटना किसी चुनौती से कम नहीं लगता। ऐसे में क्षेत्रवासियों द्वारा बैंक परिसर में टॉयलेट बनवाने की वर्षो पुरानी मांग एक बार फिर से हरी हो गई है।
पैर रखने की नहीं होती जगह
बैंक के ग्राहक लेखराम परिमल ने बताया कि महत्वकांक्षी सरकारी योजनाओं को बैंक खातों से जोडऩे की अनिवार्यता के बाद से परिसर में पैर रखने को जगह नहीं होती। कई बार तो घंटों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में महिलाओं एवं बुजुर्गों को टॉयलेट संबंधी समस्या से निपटने में पसीने छूट जाते हैं।
मिलेगी राहत
गांव से आए बैंक के ग्राहक दशरथ यादव ने बताया कि टोकन मशीन लगने के बाद काफी सहूलियत होती है अब लंबी लाइनों में हो रही धक्का-मुक्की और उन से उपजे विवादों से छुटकारा मिल गया है।
पत्रिका की पहल सराहनीय
स्थानीय युवा अविनाश गिरी ने कहा कि परिसर में लंबे समय से व्याप्त अव्यवस्था को उजागर कर पत्रिका द्वारा सराहनीय कार्य किया गया है।अपना काम बनता भाड़ में जाए जनता की तर्ज पर चल रहे स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कभी भी इस दिशा में कोई भी पहल नहीं की गई।