CG News: मृतक राजेंद्र सिदार व राजीव सिदार का पिता गयाराम होमगार्ड में जवान है। विगत कई माह से उसकी ड्यूटी मेकाहारा में ही लगी है। इस दौरान जब दोनों बेटों का शव मेकाहारा पहुंचा तो गयाराम अपने दोनों बेटों का शव देखकर घबरा गया।
CG Road Accident: रायगढ़ जिले में बीती रात सडक़ किनारे खड़ी एक ट्रक में पीछे जाकर बाइक टकरा गई। इससे बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संंबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम ठेंगापाली निवासी राजेंद्र कुमार सिदार (33 वर्ष) और राजीव लोचन सिदार (26 वर्ष) पिता गयाराम सिदार दोनों सगे भाई सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम करते थे। दोनों भाई सोमवार की सुबह अपनी बाइक से रायगढ़ सीसीटीवी कैमरा लगाने आए थे। काम खत्म होने के बाद रात करीब 7 बजे घर जाने के लिए निकले थे।
इस दौरान राजेंद्र कुमार सिदार बाइक चला रहा था और राजीव पीछे बैठा था। दोनों ग्राम रैबार के पास पहुंचे थे तो सडक़ किनारे एक ट्रक चालक अपनी वाहन को बगैर इंडिकेटर लाइट जलाए ही खड़ी कर कहीं चला गया था। अंधेरा होने के कारण इन ट्रक दिखाई नहीं दिया और बाइक पीछे से जाकर ट्रक में घुस गई। इससे दोनों युवकों को गंभीर चोट लगने से सडक़ में गिरकर अचेत हो गए थे। कुछ देर बाद आसपास के लोगों के लोगों की नजर उन पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस व उसके परिजनों को दी।
वहीं आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए उसे रात करीब 9 बजे मेडिकल कालेज अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने प्रारंभिक जांच में ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को अस्पताल से भेजी गई तहरीर पर चक्रधरनगर पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक राजेंद्र सिदार व राजीव सिदार का पिता गयाराम होमगार्ड में जवान है। विगत कई माह से उसकी ड्यूटी मेकाहारा में ही लगी है। इस दौरान जब दोनों बेटों का शव मेकाहारा पहुंचा तो गयाराम अपने दोनों बेटों का शव देखकर घबरा गया। हालांकि उसी दौरान उसके अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को किसी तरह संभाला।
परिजनों ने बताया कि गयाराम सिदार का दो ही पुत्र थे। राजेंद्र सिदार की शादी हो गई थी और राजीव लोचन सिदार की नहीं हुई थी। दोनों भाई एक साथ सीसीटीवी लगाने का काम करते थे। एक साथ दोनों भाइयों की मौत होने के बाद अब घर में कोई नहीं बचा है।