रायगढ़

जन्माष्टमी पर रायगढ़ में ट्रैफिक डायवर्ट, इन रास्तों पर रहेगा प्रवेश बंद, 2 से 6 सितंबर तक बदले रहेंगे रूट

Traffic Route Change: जन्माष्टमी और झूला उत्सव को देखते हुए रायगढ़ शहर में 2 से 6 सितंबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। भीड़ नियंत्रण और सुचारू आवागमन के लिए एकांगी मार्ग व्यवस्था लागू रहेगी।
2 min read
Sep 02, 2026
Busy street at night with vehicles
ट्रैफिक डायवर्ट (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Janmashtami Traffic Diversion: जन्माष्टमी पर्व और झूला उत्सव को देखते हुए शहर में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष रूट चार्ट तैयार किया है। इसके तहत रायगढ़ शहर में 2 से 6 सितंबर तक एकांगी मार्ग व्यवस्था लागू रहेगी। साथ ही, मेला क्षेत्र की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल भी तय किए हैं।

जन्माष्टमी के अवसर पर गौरी शंकर मंदिर और श्याम मंदिर परिसर के आसपास झूला उत्सव एवं मेला आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग ने व्यापक तैयारी की है। भीड़ के दबाव को कम करने के लिए प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

स्टेशन से चक्रधरनगर जाने वालों के लिए बदला मार्ग

यातायात पुलिस द्वारा जारी रूट चार्ट के अनुसार, रेलवे स्टेशन (पॉइंट 06) से चक्रधरनगर की ओर जाने वाला यातायात सुभाष चौक (पॉइंट 08) होते हुए गद्दी चौक (पॉइंट 09) से चांदनी चौक या सर्किट हाउस मार्ग से आगे जाएगा। इसी तरह चक्रधरनगर से रेलवे स्टेशन की ओर आने वाले वाहनों को शहीद चौक (पॉइंट 04) से सारंगढ़ चौक और मालधक्का रोड होते हुए रेलवे स्टेशन (पॉइंट 06) पहुंचना होगा।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्सन मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि रायगढ़ में जाम की स्थिति न बने और पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

अलग-अलग मार्गों से आने वालों के लिए पार्किंग तय

जन्माष्टमी एवं झूला उत्सव के दौरान भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं। चक्रधरनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मिनी स्टेडियम, जबकि केवड़ाबाड़ी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रामलीला मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

इसी तरह कोतरारोड मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए नटवर स्कूल, सारंगढ़-चंद्रपुर मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड और शहर के आम नागरिकों के वाहनों के लिए गांधी गंज को पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें।

मेला क्षेत्र में चार पहिया वाहनों की एंट्री पर रोक

जन्माष्टमी मेले को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मेला स्थल मुख्य रूप से गौरी शंकर मंदिर और श्याम मंदिर परिसर के आसपास रहेगा। दोनों मंदिर परिसरों तक पहुंचने वाले विभिन्न मार्गों पर यातायात पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की जाएगी। इन मार्गों पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

भीड़ बढ़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती भी की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था या जाम की स्थिति से बचना है।

इन स्थानों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

यातायात पुलिस के अनुसार गद्दी चौक, सुभाष चौक, सारंगढ़ चौक, ओवरब्रिज (गोगाराईस मिल), कोष्टापारा तिराहा और सिल्वर पैलेस तिराहा पर चार पहिया, दो पहिया एवं ऑटो वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने जन्माष्टमी और झूला उत्सव के दौरान शहर में आने-जाने वाले लोगों से अपील की है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित डायवर्सन तथा पार्किंग व्यवस्था का ही उपयोग करें। पर्व के दौरान लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था 2 से 6 सितंबर तक प्रभावी रहेगी।

Updated on:
02 Sept 2026 03:17 pm
Published on:
02 Sept 2026 03:17 pm