यह हम नहीं बल्कि रेलवे के जोन स्तरीय बैठक का मजमून बयां कर रहा
रायगढ़. रायगढ़ में जबलपुर-संतरागाछी हमसफर व पुरी-बीकानेर साप्ताहिक का ठहराव के बाद स्थानीय स्तर पर यात्रियों की कोई मांग व समस्या नहीं है। यह हम नहीं बल्कि रेलवे के जोन स्तरीय बैठक का मजमून बयां कर रहा है। जिसमें अपने क्षेत्र के प्रस्ताव के साथ शामिल होने के लिए एसईसीआर जोन के अंतगर्त आने वाले सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसदों को बुलाया गया था। पर रायगढ़ सांसद ने उक्त बैठक में शिरकत नहीं की।
खास बात तो यह है कि सांसद के प्रतिनिधि के रूप में हर जगह अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले उनके प्रतिनिधि भी उक्त बैठक में शामिल नहीं हुए। जिसकी वजह से रायगढ़ की रेल यात्रियों की समस्या व उनकी मांगों से रेलवे के आला अधिकारी अवगत नहीं हो सके।
मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण पूर्ण मध्य रेलवे ने अपने तीनों रेल मंडल बिलासपुर, नागपुर व रायपुर क्षेत्र से सांसदों की एक अहम बैठक बुलाई थी। 26 सितंबर को बिलासपुर में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के 8 लोकसभा सांसद व 4 राज्यसभा सांसद को आमंत्रित किया गया था। जिसमेंं रायगढ़ के सांसद विष्णुदेव साय भी शामिल थे। पर सूचना मिलने के बावजूद उक्त बैठक में ना तो सांसद साय शामिल हुए और ना ही उनका कोई प्रतिनिधि। दूसरी ओर कई सांसद खुद शामिल नहीं हो सके तो अपने प्रतिनिधि को भेजा था। पर रायगढ़ से सांसद साय का प्रतिनिधित्व करने के लिए कोई भी उनका नुमाइंदा नहीं पहुंचा था।
पूछता हंू: सांसद
पत्रिका ने रायगढ़ सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री विष्णुदेव साय से फोन पर चर्चा की। जिसमेंं उन्होंने इस बैठक को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की। उनका कहना था कि वो बीमार थे। वहीं उक्त बैठक की सूचना अपने रायगढ़ स्थित प्रतिनिधियों के पास आने की बात कही। पर जब उन्हें बताया गया कि आपका कोई प्रतिनिधि नहीं गया है तब सांसद से अपने प्रतिनिधियों से पूछने की बात कह फोन काट दिया।
ये है रायगढ़ के यात्रियों की मांग, जो उठा ही नहीं
-रायगढ़ में रेल टर्मिनल की शुरुआत
-रिर्टन जनशताब्दी एक्सप्रेस
-दक्षिण दिशा में पार्किंग व टिकट काउंटर
-नॉन स्टॉप टे्रेनों का ठहराव
-पूछताछ काउंटर को 24 घंटे खोलने
-नए एफओबी का लंबित कार्य पूरा करने
-बाहरी हिस्से के पार्किंग क्षेत्र को बढ़ाने
-बैट्री कार के एक नंबर से दो नंबर प्लेट. पर जाने की व्यवस्था