रायगढ़

Navratri 2024: पुलिस की अनोखी पहल, नवरात्रि में ‘असुरों’ पर रहेगी ‘शक्ति’ की नजर… छेड़खानी पर सीधे जेल जाएंगे बदमाश

Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शारदीय नवरात्रि को लेकर पुलिस ने एक पहल की है। इसमें युवती और महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की शक्ति टीम का गठन किया गया है।

2 min read
Oct 04, 2024

Navratri 2024: शारदीय नवरात्रि का पर्व गुरुवार से शुरू हो गया है। इस पावन अवसर पर एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला रक्षा टीम के सदस्यों की एक विशेष टीम शक्ति का गठन किया है। यह टीम नवरात्रि के दौरान शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और डांडिया कार्यक्रम की सुरक्षा में तैनात रहेगी, ताकि महिलाएं बिना किसी चिंता के पर्व का आनंद ले सकें। वहीं असुर रूपी असमाजिक तत्वों पर लगाम लग सके।

इस विशेष टीम की महिला सदस्य पूजा स्थल, डांडिया कार्यक्रम और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पैनी नजर रखकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करेंगी। यह टीम छेड़खानी, अभद्रता या किसी भी प्रकार के अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए तत्पर रहेगी। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम यह सुनिश्चित करेगी कि महिलाएं और बच्चियां बिना किसी डर के नवरात्रि के उत्सव का हिस्सा बन सकें।

इसके अलावा टीम महिलाओं की सहायता और मार्गदर्शन के लिए भी तत्पर रहेगी। इस टीम के साथ पुलिस के पुरुष जवान भी रहेंगे जो महिला टीम को सहयोग देंगे, ताकि सुरक्षा (Navratri 2024) और भी मजबूत हो सके। इनका मुय उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी असामाजिक तत्व त्योहार की शांति भंग न करे और हर जगह सुरक्षा का माहौल बना रहे।

Navratri 2024: टीम में ये शामिल

इस टीम का नेतृत्व महिला सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक मंजु मिश्रा कर रही हैं, जो अपने महिला स्टाफ के साथ हर समय सतर्क रहेंगी। रायगढ़ पुलिस ने यह सुनिश्चित किया है कि यह टीम देर रात तक सक्रिय रहेगी, जिससे महिलाओं को हर परिस्थिति में सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

पुलिस को दें तत्काल सूचना

रायगढ़ पुलिस ने जिलेवासियों और आयोजकों से अपील की है कि वे अपने कार्यक्रम में वालंटियर तैनात करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम, डॉयल 112 पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई हो सके।

Updated on:
04 Oct 2024 11:20 am
Published on:
04 Oct 2024 11:19 am
Also Read
View All

अगली खबर