
Chhattisgarh News: सारंगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम लात नाला में कार समेत बहे व्यवसायी दंपती देवनारायण पटेल और सविता पटेल का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। रायगढ़ और बिलासपुर के बचाव दल ने सोमवार को दिनभर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी। नाले में पानी का तेज बहाव और गहराई बचाव कार्य में बाधा बन रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ के घोटला बड़े निवासी देवनारायण पटेल पत्नी सविता पटेल के साथ रविवार शाम करीब 6 बजे जब दोनों कार से घर लौट रहे थे, तब माधोपाली-बांधापाली के बीच बहने वाले लात नाला के पुल को पार करने के दौरान कार अनियंत्रित होकर नाला में गिर गई। देखते ही देखते कार गहरे पानी में काफी दूर तक बह गई।
सूचना मिलते ही थाना और बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार को किसी तरह नाला से बाहर निकाला गया, लेकिन उसमें सवार देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल का पता नहीं चल सका। रविवार देर शाम तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन दंपती का कोई निशान नहीं मिला। सोमवार को रायगढ़ के साथ बिलासपुर आपदा राहत (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची थी।
सुबह से लेकर शाम तक रेस्क्यू आपरेशन चलाया गया, लेकिन दंपत्ति का कोई सुराग नहीं मिला। विभागीय टीम की माने तो यह ताल नाला अन्य नाला की अपेक्षा काफी बड़ा और गहरा है। यहां पानी का बहाव भी तेज है। ऐसे में रेस्क्यू आपरेशन में भी काफी कठिनाई हुई। मंगलवार को तटवर्ती क्षेत्रों में फिर से जांच की जाएगी।
रविवार को जब घटना घटित हुआ उस समय पुल के नीचे से पानी बह रहा था। इसका वीडियो रिकार्ड मिला है, वहीं चालक द्वारा गाड़ी चलाने के दौरान असावधानी बरती गईं, उस समय वहां मौजूद 6-7 लोगों के द्वारा बचाने के बजाय मोबाइल में वीडियो बनाया गया, जिसके कारण दुर्घटना घटित हुआ। दुर्घटना के समय तत्काल यदि लोगों के द्वारा मदद किया जाता तो पति पत्नी को बचाया जा सकता था।
घटना के बाद आसपास के गांव के ग्रामीण दम्पति की खोज बीन करने के लिए मदद करने के लिए सामने आए और दिन भी लात नाला के किनारे किनारे खोजने में लगे रहे। खोज बीन में अमझर, घोडला बड़े, सराईपाली, सिंगारपुर, फर्सवानी, चिखली, खरवानी, बरभांठा, माधोपाली, मौहाढोहा, नवाडीह, नवरंगपुर के ग्रामीण शामिल थे।
परिजनों ने बताया कि इस हृदय विदारक घटना से मां - बाप सदमे में है। पति पत्नी की तलाश करने के लिए परिजनों ने निजी तौर पर पंजाब की एक गोताखोर टीम को बुलाया है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा सोमवार सुबह सारंगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर माधोपाली का दौरा किया। कलेक्टर एसपी ने राज्य आपदा राहत (एसडीआरएफ) की टीम और ग्रामीणों से कार में सवार पति पत्नी की तलाशी और घटना के संबंध में की जानकारी ली।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कलेक्टर, पद्मनी भोई साहू ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर जांच शुरू कर दी गई। रायगढ़ और बिलासपुर की टीम खोजबीन में जुटी है। जल्द ट्रेस होगा।