नोटिस थमाकर तीन दिन के भीतर अनुमति के दस्तावेज पेश करने व अवैध विकास को सात दिन के भीतर हटाने के लिए कहा गया है।
रायगढ़. शहर के अंदर पार्किंग व्यवस्था को लेकर पुलिस व प्रशासन ने गंभीरता दिखाया है। संयुक्त रूप से इस बार कार्रवाई की जा रही है। बिना पािर्कंग के वर्षोंं से संचालित 12 बैंक और 10 विवाह घर को नगर एवं ग्राम निवेश ने नोटिस थमाया है। नोटिस थमाकर तीन दिन के भीतर अनुमति के दस्तावेज पेश करने के लिए कहा है। वहीं अवैध विकास को सात दिन के भीतर हटाने के लिए कहा गया है।
अवैध विकास को नियत तिथि तक नहीं हटाने पर नगर एवं ग्राम निवेश कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों में अवैध विकास कार्य को ढहाकर पूर्ववत अनुमति के अनुरूप करेगा और इसको ढहाने में लगने वाले खर्च की राशि संबंधित प्रतिष्ठान संचालक से राजस्व वसूली के रूप में करेंगे। नियमितीकरण के लिए आए आवेदनों की जांच करने पर नगर एवं ग्राम निवेश, नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम ने पाया कि शहर के अंदर 12 बैंक व 10 विवाह घरों में पार्किंग ही नहीं है।
Read More : पहाड़ से गिरने पर वृद्ध की मौत, तेंदुआ ने किया है हमला की खबर से ग्रामीण भयभीत, पढि़ए खबर...
पिछले कई वर्षों से यह ऐसे ही संचालित हो रहा है। जिसके कारण शहर के अंदर यातायात बाधित हो रही है। इसको देखते हुए नियमितीकरण के आवेदनों को तो निरस्त कर दिया गया है, लेकिन ऐसे प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस देकर अल्टीमेटम दिया गया है कि प्रतिष्ठान में पार्किंग व्यवस्था कर लें। साथ ही नियमों के विपरित किए गए विकास कार्य को हटाकर सुधार करा लें।
रोजाना सैकड़ों वाहनों का रहता है आवागमन
स्टेट बैंक केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में देखा जाए तो मुख्य मार्ग का पूरा आधा हिस्सा पार्किंग के कारण जाम रहता है। इसी प्रकार चक्रधर नगर स्थित बैंक का भी यही हाल है। इसके अलावा विवाह घरों में शादी के सीजन में चारपहिया वाहनों की कतार सड़कों पर लगती है। इसके कारण कई बार जाम लगा है जिसके कारण लोगों को आवागमन में समस्या होता है।
इन बैंकों को थमाया गया है नोटिस
स्टेट बैंक केवड़ाबाड़ी, एडीबी, चक्रधर नगर, चक्रधर नगर, आईडीबीआई बैंक ढिमरापुर रोड, सेंट्रल बैंक हण्डी चौक, केनरा बैंक, विजया बैंक हण्डी चौक, देना बैंक ढिमरापुर रोड, एक्सिस बैंक ढिमरापुर रोड,अपेक्स बैंक गांधी प्रतिमा चौक, भारतीय जीवन बीमा निगम सत्तीगुड़ी चौक, कार्पोरेशन बैंक ढिमरापुर चौक को नोटिस थमाया गया है।
इन विवाह घरों में नहीं मिला पार्किंग
रामबाग मैरिज गार्डन कोतरा रोड, मंगलम् गौशाला चौक, निलांचल केवड़ाबाड़ी रोड, रेड क्वीन ढिमरापुर रोड, कोटल आर्शीवाद, राजवाड़ा मैरिज गार्डन कार्मेल स्कूल के पास, जलसा बोईरदादर, ईडन गार्डन मैरिज हॉल चक्रधर नगर, अघरिया सदन कोतरा रोड में पार्किंग नहीं मिला जिसके कारण उक्त सभी को नोटिस थमाया गया है।
निगम बना रहा मूक दर्शक
विवाह घर संचालन के लिए नगर निगम से अनुमति लेनी पड़ती है। अनुमति के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान का पार्किंग भी बताया जाना होता है। हालांकि कुछ विवाह घर संचालकों के द्वारा पार्किंग दर्शाया गया था, लेकिन मौके पर यह पार्किं ग है ही नहीं। इस बात की जानकारी नगर निगम के अधिकारियों को भी है।
ऐसे में निगम के अधिकारियों को संबंधितों पर कार्रवाई भी करना था, लेकिन अब तक निगम के अधिकारी मूक दर्शक ही बने हुए हैं। इस मामले में जब पुलिस विभाग की ओर से पहले की गई तो नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के द्वारा नोटिस जारी किया गया। निगम के अधिकारी अभी भी चुप्पी ही साधे हुए हैं। वहीं इस बात की भी चर्चा है कि नगर निगम के अधिकारियों को पार्किंग सुविधा की जांच समय-समय पर करनी चाहिए, लेकिन वे इसकी जांच भी नहीं करते।