-बातचीत में सराकात्मक नतीजा नहीं निकलने से हड़ताल पर चले गए कर्मचारी
रायगढ़. संजीवनी और महतारी एक्सप्रेस के कर्मचारी अपने विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। शासन के द्वारा उनकी मांगे नहीं मानें जाने पर वे उग्र प्रदर्शन करते हुए राजधानी में मुंडन करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर प्रशासन इन प्रदर्शन को दरकिनार करते हुए नई भर्ती कर रही है।
इसके लिए जिले के सीएचएमओ कार्यालय में कोरबा , जशपुर और रायगढ़ जिले की भर्ती के लिए साक्षात्कार लिया जा रहा है। इस नई भर्ती को लेकर यह कहा जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों के प्रदर्शन को प्रशासन तवज्जो नहीं दे रही है।
108 और 102 के कर्मचारियों द्वारा 5 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से जिले में संजीवनी एंबुलेंस और महतारी एक्सप्रेस सेवा पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इसको देखते हुए जिले के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा संजीवनी एक्सप्रेस और महतारी एक्सप्रेस में सेवा दे रहे हैं, लेकिन इन कर्मचारियों को इधर आ जाने से स्वास्थ्य विभाग के काम प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक जिले में 108 संजीवनी एंबुलेंस की 11 एवं 102 महतारी एक्सप्रेस की 16 गाडिय़ां हैं। जिनमें पायलट और ईएमटी के पद पर 158 कर्मचारी कार्यरत हैं। संजीवनी 108 और महतारी एक्सप्रेस 102 के कर्मचारी वेतन विसंगति की मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलनरत कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर स्वास्थ्य विभाग ने चर्चा के लिए बुलाया भी था, लेकिन बातचीत में सराकात्मक नतीजा नहीं निकलने से कर्मचारियों ने हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों की महत्वपूर्ण मांगों में ठेका प्रथा खत्म कर कर्मचारियों को शासन के अधीन करना।
अप्रैल 2017 से वृद्धि किए गए न्यूनतम मजदूरी लागू कर एरियर्स राशि का भुगतान करना, श्रम अधिनियम के तहत कार्यवधि 8 घंटे निर्धारित करना, अतिरिक्त घंटें होने पर भत्ता दिया जाना व अन्य मांग शामिल हैं। इस आंदोलन में रायगढ़ जिले से 158 कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
मुंडन कर जताया विरोध
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश के संजीवनी 108 और महतारी एक्सप्रेस 102 के कर्मचारियों ने रायपुर में शनिवार को मुंडन कराकर अपना विरोध जताया है। वहीं कर्मचारियों की मांग है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती वे काम पर नहीं लौटेंगे। वहीं कर्मचारियों ने बताया कि रायपुर में बैठक तो लगातार हो रही है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पा रहा है। इस कारण जब तक इनकी मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक हड़ताल से वापस नहीं लौटेंगे
इधर शासन की तरफ से भर्ती शुरू
संजीवनी और महतारी एक्सप्रेस के कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद शासन द्वारा नए भर्ती के लिए साक्षातकार शुरू हो गया है। इसके लिए रायगढ़ सीएमओ आफिस में कोरबा, जशपुर और रायगढ़ जिले में इएमटी और पायलट के भर्ती के लिए 6,7 और 8 अप्रैल को तिथि निर्धारित किया गया है। शनिवार को सीएचएमओ आफिस में साक्षात्कार देने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में जब जीवीके के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। फिलहाल में तो स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से काम चलाया जा रहा है, लेकिन इन कर्मचारियों के इधर आ जाने से उधर का काम प्रभावित हो रहा है। इस कारण नई भर्ती की जा रही है। जो अभ्यर्थी साक्षातकार में पास हो जाएंगे, उनको 7 दिन की ट्रेनिंग देकर इनको काम में लगा दिया जाएगा। ताकि काम प्रभावित न हो।
अभ्यर्थियों में संशय की स्थिति
शनिवार को इएमटी में साक्षात्कार देने आए धरमजयगढ़ निवासी निर्मल साय, खरसिया निवासी मनीष सिंह और चंद्रपुर निवासी राकेश पटेल ने बताया कि यहां साक्षात्कार तो ले रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि जब पुराने कर्मचारी आ जाएंगे तो हमें फिर से काम से हटा देंगे। इस कारण अभ्यर्थियों में संशय की स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में जब अधिकारियों से बात की गइ तो उन्होंने बताया कि हड़ताल पर गए अगर सभी कर्मचारी वापस आ जाते हैं इसके बाद भी कर्मचारियों की कमी है। जिसकी नई भर्ती हो जाएगी उनको निकाला नहीं जाएगा।