- चार्ज में लगे रेल यात्री के मोबाइल को लेकर भाग रहा था आरोपी, जीआरपी ने पकड़ा
रायगढ़. रायगढ़ रेलवे में पदस्थ एक रेल कर्मी का बेटा, रेलवे स्टेशन के अंदर व बाहर चोरी, उठाईगिरी व छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता है। जिसकी शिकायत तो जीआरपी के पास थी, पर ऐसा कोई मौका नहीं मिला जब उसे रंगे हाथ पकड़ा जाए। शनिवार की देर रात करीब दो बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर एक यात्री के चार्ज में लगे मोबाइल को उक्त आरोपी लेकर भाग रहा था। यात्री के शोर मचाने पर जीआरपी के जवानों ने उसे दौड़ा कर पकड़ा। वहीं यात्री के मोबाइल को वापस कर आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उसे जेल दाखिल करने की पहल की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात प्लेटफार्म नंबर दो पर पूरी तरह से सन्नाटा था। कुछ यात्री प्लेटफार्म पर ही अपने सामान के साथ सो रहे थे तो कुछ मोबाइल को चार्ज में लगा कर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। जिसमें बलवंत सिंह भी था। जो अपने डिस्चार्ज मोबाइल को चार्ज कर रहा था।
इस बीच एक लंबा युवक तेजी से आया और बलवंत के मोबाइल को उठा कर भागने लगा। इसके बाद यात्री ने चोर-चोर का शोर मचा कर उसे पकडऩे की कोशिश की। शोर शराबा सुन कर प्लेटफार्म गश्त में लगे जीआरपी के जवानों ने भी आरोपी को पकडऩे के लिए उसके पीछे दौड़े। जहां कुछ दूर पर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़ा गया युवक ने अपना नाम आकाश नन्हटे पिता जगदीश नन्हटे, रेलवे कॉलोनी पार्सल आफिस के पीछे बताया। जीआरपी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी रेलवे कर्मचारी का बेटा है, जो रेलवे स्टेशन के नजदीक घर होने की वजह से आए दिन मोबाइल को छिन कर भागने व अन्य अपराधिक वारदात को अंजाम देता है।
प्रार्थी के अभाव में कार्रवाई नहीं
इससे पूर्व भी आकाश के खिलाफ जीआरपी को शिकायत मिल चुकी है, पर प्रार्थी के अभाव में जीआरपी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पा रही थी। शनिवार की रात मोबाइल चोरी के मामले में रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद रेलकर्मी के आरोपी बेटे के खिलाफ धारा ३७९ के तहत अपराध दर्ज कर जेल दाखिल करने की पहल की जा रही है।
सिटी कोतवाली से लेंगे जानकारी
जीआरपी की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी आकाश के खिलाफ शहर में भी कुछ मामले हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए जीआरपी आरोपी की कुंडली खंगालने की बात कह रही है। जीआरपी की मानें तो इस संबंध में शहर के थाना खासकर कोतवाली में संपर्क कर आरोपी को अपराधिक इतिहास की जानकारी ली जाएगी। जिसके बाद उसके खिलाफ आगे की कार्रवाईकी जाएगी।