
बीच सड़क पर लकड़ी के चूल्हे से रोटी पकाकर कांग्रेस ने महंगाई के प्रति जताई नाराजगी
रायगढ़. बढ़ती महंगाई को लेकर महिला कांग्रेस ने बीच सड़क पर लकड़ी के चूल्हे से रोटी पकाते हुए अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। शहर के महात्मा गांधी चौक पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार को कांग्रेसियों ने खूब कोसा। वहीं केंद्र की गलत नीतियों की वजह से महंगाई बढऩे की बात कही। इस दौरान कांग्रेसियों के द्वारा केंद्र की यूपीए सरकार व मोदी सरकार में गैस सिलेंडर के दर भी चस्पा किए हुए थे।
राशन समानों के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी हुई। वहीं इसके बाद रसोई गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ गए। इस बात को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी व महिला कांग्रेस के द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस के सदस्य प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंची थी। वहीं इस समय महिलाओं के द्वारा गैस सिलेंडर के बढ़े दाम को लेकर विरोध स्वरूप लकड़ी का चूल्हा बनाया गया था, जिसमें रोटी भी पकाया गया।
Read More : डाक की बोरी नहीं खुलेगी, चिट्ठी पत्री नहीं बटेगी... कुछ इसी अंदाज में निकली डाकियों को टोली
रोटी पकाने के दौरान महिलाओं का कहना था कि मोदी सरकार गरीब महिलाओं को सिलेंडर तो बांट रही है, लेकिन गैस सिलेंडर के दाम इतने तेज गति से बढ़ रहे हैं कि महिलाओं की पहुंच से सिलेंडर काफी दूर होता जा रहा है। ऐसे में अब महिलाएं फिर से चूल्हे पर खाना पकाते हुए इसका विरोध जता रही है।
इस दौरान महिलाओं के द्वारा गैस सिलेंडर के दामों तुलना भी करते हुए भाजपा व कांग्रेस सरकार के पोस्टर लगाए थे। इसमें भाजपा के पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में गैस सिलेंडर ७६९ रुपए दर्शाया गया था तो कांग्रेस के मनमोहन सरकार के समय गैस सिलेंडर का दाम ४२६ रुपए दर्शाया गया था। विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जयंत ठेठवार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष स्नेहलता शर्मा, संजय देवांगन, अनिल शुक्ला, संतोष बोहिदार सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।
केंद्र पर जमकर साधा निशाना
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेसियों का कहना था कि पहले नोटबंदी लोगों पर थोपी गई। इसके बाद आधी-अधूरी जीएसटी लोगों पर थोप दी गई। वहीं यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की गलत नीतियों की वजह से महंगाई लगातार बढ़ रही है। वहीं यह भी कहा गया कि कांग्रेस कार्यकाल में यही भाजपा के लोग महंगाई का विरोध करते थे।
फ्यूल की बढ़ी कीमत तो बैंक से मांगा लोन
रायगढ़. एक ओर जहां गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि को लेकर महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी ओर नगर कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमत को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नागरिक सहकारी केंद्रीय बैंक पहुंचे। जहां पेट्रोल-डीजल डलवाने के लिए लोन के लिए आवेदन दिया।
पेट्रोल-डीजल में बढ़ती कीमत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों का कहना था कि पेट्रोल और डीजल के दाम में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। वहीं उनके द्वारा बैंक से लोन लेकर टाटा मैजिक, कार, मिनीबस, ट्रैक्टर, बाइक खरीदी गई है जिसे चलाने के लिए हमारे पास महंगी डीजल-पेट्रोल खऱीदने के लिए पैसा नहीं है। इस बात को लेकर नगर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में अन्य कांग्रेसी नागरिक सहकारी बैंक पहुंचे। वहीं बैंक के अध्यक्ष राजेन्द्र पांडेय एवं उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल को महंगी डीजल-पेट्रोल के लिए लोन लेने के लिए आवेदन दिया गया।
प्रदार्शन के दौरान मुख्य रूप से पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नागेन्द्र नेगी, दीपक पाण्डेय, कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष राय, पूर्व महापौर जेठूराम मनहर, जयेश जैन, खुशीराम मल्होत्रा, पूर्व पार्षद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष विकास ठेठवार, महेश पटनायक, पार्षद कमल पटेल, बल्लू थवाईत, साजु खान, शाहनवाज व अन्य थे।
Published on:
3 Jun 2018, 1:54 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.