जैसे मेंढक को ठंडे पानी में डालो और पानी धीरे-धीरे गर्म करो
रायगढ़. स्कूल की कक्षा छात्र-छात्राओं से भरी हुई थी, इसी बीच वहां पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने बच्चों से पूछा कि जब गर्म पानी में मेंढक को डालते हैं तो क्या होता है बच्चों ने कहा कि वो उछलकर भाग जाता है। इस पर पुलिस अधिकारियों ने पूछा कि जब ठंडे पानी में मेंढक को डाला जाए और पानी को धीरे-धीरे गर्म किया जाए तो क्या होगा।
बच्चे थोड़ी देर तक चुप रहे तब अधिकारी बोले कि मेंढक की मौत हो जाएगी। दरअसल पुलिस के अधिकारी ये सवाल या फिर ये उदाहरण वर्तमान परिदृश्य में समाज व आसपास में हो रही आपराधिक घटनाओं के सजग करने की दृष्टि से पूछे गए थे। अधिकारी ने इस उदाहरण के माध्यम से बताया कि जैसा मेंढक के साथ होता है वैसी ही स्थिति घरेलू हिंसा वाले मामले में होती है। ये धीरे-धीरे घर कर जाती है और परिवार का नाश कर देती है।
शनिवार को शहर के गुरु द्रोण हाईस्कूल में पुलिस की ओर से बच्चों को भविष्य व वर्तमान में हो रही घटनाओं से सुरक्षा के संबंध में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में एडिशनल एसपी आरपी भुईंया, एएसआई सरस्ती महापात्रा, एसपी रीडर गिरधर साहू सहित पुलिस के अन्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के आरंभ में पुलिस की ओर से छात्रों को यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही यह बताया गया कि आप अपने दैनिक जीवन में इसका उपयोग करें। इसके बाद बाल अपराध, यौन उत्पीडऩ, छेडख़ानी जैसे अपराधों के विषय में बच्चों को जानकारी दी गई। खास बात यह रही कि सभी अपराधाओं और उसके कानून की जानकारी बच्चों को कई उदाहरणों के माध्यम से दी गई है। जिसमें मेंढक वाला उदाहरण भी शामिल था।
ये रहे शामिल
इस कार्यक्रम के दौरान शालेय परिवार की ओर से चेयरमैन फागुलाल सिंह, शिक्षा निर्देशक दिलीप कुमार साहू, प्राचार्य आशीष रंजन कुमार, प्राचार्य श्याम लाला श्रीवास, उप्राचार्य लोकनाथ देवता सहित इंद्रदेव निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।