रायगढ़

विधायक कार्यालय के सामने लिखा है हमारी भूल कमल का फूल, भड़के महामंत्री, कांग्रेस ले रही चुटकी

ये नारे कई दिनों से लिखे हुए हैं, एकआध जगह भी लिखा होता तो यह कहा जा सकता था कि इस पर नजर नहीं पड़ी है पर कई जगहों पर इसे लिखा गया है।
3 min read
Dec 29, 2017
विधायक कार्यालय के सामने लिखा है हमारी भूल कमल का फूल, भड़के महामंत्री, कांग्रेस ले रही चुटकी

पूरे शहर में चर्चा का आलम, कार्यालय के पास ही लिखा हमारी भूल कमल का फूलए भड़के महामंत्री कहा ये गंदी मानसिकता
रायगढ़. पूरे शहर में इन दिनों विधायक कार्यालय कमलम के सामने लिखे नारे चर्चा का विषय बने हुए हैं। लगभग 15-20 दिन से ये नारे वहां पर लिखे हुए हैं हर आता-जाता इसे देख रहा है, कोई मुस्कुरा रहा है तो कोई उस लिखावट में अपनी भड़ास को देख रहा है और आगे बढ़ जा रहा है।

दरअसल ठीक विधायक के कार्यालय के बाहर ही सड़क के डिवायडर पर कई जगह हमारी भूल, कमल का फूल अंकित कर दिया गया है। जबकि शहर में भाजपा के ही कमल छाप विधायक हैं, ऐसे में कोई इस लिखावट को शरारत का नाम दे रहा है तो कोई इसे लोगों का विरोध बता रहा है। इस मामले में कांग्रेस भी चुटकी लेने से पीछे नहीं हट रही है, उसका कहना है कि जनता अपनी बातों को दीवार पर लिखकर गई है, जब उनसे यह पूछा गया कि ये विपक्ष की शरारत तो नहीं है इस पर उनका कहना था कि हमने कमल को वोट ही नहीं दिया तो हमारी भूल कैसे हो सकती है।

सच्चाई जो भी हो पर शहर में खुलकर इस बात की चर्चा हो रही है। विदित हो कि अभी चुनाव के लगभग एक साल बचे हुए हैं। इन हालात में पूरे शहर में दलों की ओर से खासकर भाजपा की ओर से वाल पेंटिंग श्ुारू कर दी गई है। आलम यह है कि इस पेंटिंग वार में यह भी नहीं देखा जा रहा है कि जहां पर पार्टी के नारे लिखवाए जा रहे हैं वो परिसर सरकारी है, गैर सरकारी है, स्कूल है या कालेज। ऐसे में लगभग पूरा शहर इन वॉल पेंटिंग से पुता हुआ दिख रहा है।

विधायक कार्यालय के पास भी सड़क की डिवायडर पर भाजपा के नारे लिखे गए हैं। इन्हीं नारों के बीच उसी प्रकार से लोगों ने हमारी भूल कमल का फूल लिख दिया है। ये नारे कई दिनों से लिखे हुए हैं, एकआध जगह भी लिखा होता तो यह कहा जा सकता था कि इस पर नजर नहीं पड़ी है पर कई जगहों पर इसे लिखा गया है। इन हालात में जिस भी भाजपाई की नजर इस पर पड़ रही है वो हैरान हो जा रहा है। जाहिर सी बात है कि यहां पर भाजपा के विधायक का कार्यालय है ऐसे में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यहां पहुंचते हैं।

भड़के जिला महामंत्री
जब इस नारे के विषय में जिला भाजपा महामंत्री उमेश अग्रवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि माननीय विधायक के कार्यालय के सामने जो लिखा गया है ये शरारती व्यक्ति के द्वारा दूषित मानसिकता के साथ किया गया गंदा कार्य है। जब उनसे यह पूछा गया कि इस तो विपक्षी लोगों की नाराजगी का परिणाम बता रहे हैं, इस पर उनका कहना था कि विपक्ष को लोगों की नारजगी आंकने की आवश्यकता नहीं है वो ये देख लें कि 13 साल से जनता ने उन्हें बाहर क्यों कर दिया है।

हमारी भूल कैसे
इस मामले में कांग्रेस चुटकी लेने के मूड में है, जिला शहर अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने कहा कि सरकार में होने का फायदा जिस प्रकार से वॉलपेटिंग से उठाया जा रहा है वो गलत है। जहां पर लिखे जाने की बात है तो इसे भाजपा गौर करे कि उनके 13 साल के कथित सुशासन सेे जनता खुश नहीं है और बकायदा दीवार पर लिखकर जा रही है कि हमारी भूल कमल का फूल, जब उनसे यह पूछा गया कि कहीं ये विपक्ष की चाल तो नहीं तो उन्होंने कहा कि हमने तो भाजपा को वोट ही नहीं दिया है तो हमारी भूल कैसे हो सकती है जिसने वोट दिया है उसने ही लिखा है।

Published on:
29 Dec 2017 03:29 pm