
रायगढ़। एटीएम से पैसा निकालकर वापस जा रहे तीन दोस्तों की बाइक एक ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही एक की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हैं जिनका उपचार किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह नौ बजे के आसपास तमनार में जेपीएल गेट के पास ये हादसा हुआ है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थीए उधर ग्रामीणों ने भी चक्काजाम कर दिया था, उनसे बातचीत और समझाईश का दौर चल रहा था।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तमनार से थोड़ी ही दूर स्थित गांव बासपाली से तीन दोस्त एटीएम से पैसा निकालने के लिए तमनार आए थे। पैसा निकालने के बाद वो लोग अपने गांव लौट रहे थे। ये लोग एक बाइक पर सवार थे, गांव वापस जाने के क्रम में तमनार स्थित जेपीएल कंपनी के गेट नंबर तीन पर एक ट्रेलर कंपनी के अंदर जाने के लिए मुड़ रही थी।
इसी दौरान इन लोगों की बाइक उस ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर एक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिसकी मौत हुई है वो नाबालिग है। उसकी उम्र 17 साल बताई जा रही हैए जबकि पहचान बासनपाली निवासी दीपक चौहान पिता भगीरथ चौहान के रूप में हुई है। इस घटना के बाद तुरंत कंपनी गेट पर तैनात गार्ड ने पुलिस को दी, पुलिस जल्द ही मौके पर पहुंची और शव व घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
जुटने लगे ग्रामीण, हो गया चक्काजाम
इस घटना की खबर आग की तरह फैली और लोगों का हुजूम मौके पर जमा होने लगा, ऐसे में देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और चक्काजाम कर दिया। फिलहाल चक्काजाम की स्थिति बनी हुई है वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है, आंदोलन कर रहे ग्रामीणोंं को समझाने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस घटना के बाद चालक ने अपने ट्रेलर को वहीं छोड़ दिया और वहां से फरार हो गया है। विदित हो कि गाड़ी का नंबर भी अस्पष्ट है, वहीं ट्रेलर की जो हालत है उसे देखकर ही कहा जा सकता है कि वो काफी जर्जर है। ट्रेलर का क्रमांक सीजी 12 एस और अंतिम के तीन अक्षर 339 है जबकि पहला अक्षर जीरो या नौ की तरह दिख रहा है। लोगों का कहना है कि उद्योगों और खदानों में लगे इस प्रकार के वाहन जानबूझकर ऐसा खेल करते हैं।