रायगढ़

एक ही दिन दो हादसे और चार की मौत

सामारूमा मेन रोड के पास ओवरस्पीड कार के चालक ने अपना संतुलन खो दिया

3 min read
Apr 21, 2018
सामारूमा मेन रोड के पास ओवरस्पीड कार के चालक ने अपना संतुलन खो दिया

रायगढ़. लैलूंगा निवासी दो बहन अपने परिवार के लोगों के साथ चुहकीमार अपने पिता के यहां मेहमानी में आई हुई थीं। जहां से कार में आठ लोग सवार होकर रायगढ़ बंजारी मंदिर दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद वे लोग वापस चुहकीमार लौट रहे थे। रास्ते में पूंजीपथरा से आगे सामारूमा मेन रोड के पास ओवरस्पीड कार के चालक ने अपना संतुलन खो दिया और कार रोड से नीचे उतर कर एक विशालकाय पेड़ से जा टकराई।


घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए घरघोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची ने अपना दम तोड़ दिया। वहीं घरघोड़ा अस्पताल से रायगढ़ रिफर हुई एक महिला की भी मौत हो गई। इस प्रकार एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि तीन अन्य की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना 19 अप्रैल को पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में घटित हुई है।

ये भी पढ़ें

पांच दिन पहले घर से लापता युवती का शव मिला फांसी के फंदे पर


घरघोड़ा टीआई अरुण नेताम से मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा के बायसीमुड़ा निवासी सोनिया चौहान 23 वर्ष व लैलूंगा की भवानीपुर निवासी भागवती चौहान 25 वर्ष दोनों सगी बहनें हैं। बीते दिनों दोनों बहनें अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने पिता बाबूलाल चौहान के यहां घरघोड़ा के चुहकीमार मेहामानी में आए हुए थे।

19 अप्रैल की सुबह चुहकीमार से सोनिया चौहान उसकी बेटी भानोप्रिया चौहान डेढ़ वर्ष, इंदू चौहान 18 वर्ष, भागवती चौहान, पायल चौहान 11 वर्ष, रेशम चौहान व ड्रायवर गोलू अग्रवाल व एक बच्चा इरटिगा कार क्रमांक सीजी13 यूबी 0374 में सवार होकर रायगढ़ बंजारी मंदिर माता के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन करने के बाद वे वापस चुहकीमार लौट रहे थे।


बताया जा रहा है कि उस समय कार की रफ्तार अधिक थी। जैसे ही वे पूंजीपथरा से आगे सामारूमा के पास पहुंचे थे कि कार चालक ने अपना संतुलन खो दिया। इसके बाद कार घूमते हुए सड़क किनारे स्थित एक विशालकाय पेड़ से जा टकराई। कार और पेड़ की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा चौपट हो गया।


वहीं कार में बैठे लोगों के बीच हड़कप मच गया। किसी के सिर में तो किसी के हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर रूप से चोट आई थी। कोई मौके पर बेहोश हो गया तो कोई जोर-जोर से चीख-पुकार मचा रहा था। इस घटना में कार में सवार सभी आठ लोगों को चोट आई थी। घटना के बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों को कार से बाहर निकाला और घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया।

मासूम ने तोड़ा दम
घरघोड़ा अस्पताल में उपचार के दौरान डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची भानोप्रिया ने अपना दम तोड़ दिया। ऐसे में घरघोड़ा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। वहीं घरघोड़ा पुलिस ने बताया कि सोनिया चौहान, भागवती चौहान, पायल चौहान व इंदू चौहान को गंभीर रूप से चोट आने की वजह से उन्हें रायगढ़ जिंदल अस्पताल रिफर कर दिया गया है। बाकी अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।


अस्पताल में हुई मौत
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं में एक की जिंदल अस्पताल में मौत हो गई है। जबकि तीन की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। ऐसे में इस मामले में कोतरारोड पुलिस शून्य में मर्ग कायम करने की प्रक्रिया में लग गई है।
क्या कहते हैं पूंजीपथरा टीआई
इस संंबंध में पूंजीपथरा टीआई जितेन्द्र सोनी से बात की गई तो उनका कहना था कि अभी मामले में सिर्फ 279, 337 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जानकारी हुई है कि घरघोड़ा अस्पताल में एक बच्ची तो जिंदल अस्पताल में एक महिला की मौत हो गई है। मामले की डॉक्टरी रिपोर्ट मिलने पर और धाराएं जोड़ी जाएंगी।


दो युवकों को अज्ञात वाहन ने ठोका, मौत
बाइक में सवार होकर बारात जा रहे दो युवकों को अज्ञात वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दिया। घायलों को अस्पताल लाते हुए एक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना छाल थाना क्षेत्र की है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चन्द्रशेखरपुर ऐडु निवासी किशोर कुमार राठिया पिता चमार सिंह राठिया 33 वर्ष 19 अप्रैल को अपने साथी जनपद राठिया पिता रूपराम राठिया 28 वर्ष निवासी बेहरामार के साथ सोल्ड बाइक में ऐडू में रहने वाले बनवारीलाल राठिया के बारात बांसमुडा जा रहे थे। रास्ते में बोजिया बस्ती चरण ढाबा के आगे पक्की सड़क पर रात्रि करीब 7.30 बजे कोई अज्ञात वाहन के चालक ने किशोर राठिया की बाइक को ठोकर मार दिया। जिससे किशोर राठिया और जनपद राठिया बाइक सहित सड़क पर गिर गए। इस घटना में दोनों को गंभीर रूप से चोट आई थी।


घटना के बाद घायलों को एम्बुलेंस से शासकीय अस्पताल छाल लाया जा रहा था। तभी रास्ते में किशोर कुमार राठिया ने दम तोड़ दिया। वहीं आहत जनपद राठिया को छाल अस्पताल लाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की की सूचना मृतक के गांव के दिलेश्वर राठिया पिता महेत्तर राम राठिया 28 वर्ष द्वारा थाना छाल में दिया गया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। वहीं अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 279, 337, 304ए के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें

तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, डेढ वर्षीय मासूम सहित महिला की हो गई मौत
Published on:
21 Apr 2018 05:18 pm
Also Read
View All