22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, डेढ वर्षीय मासूम सहित महिला की हो गई मौत

एक ही परिवार के 7 व ड्रायवर मिलाकर आठ लोग थे कार में सवार

2 min read
Google source verification
एक ही परिवार के 7 व ड्रायवर मिलाकर आठ लोग थे कार में सवार

एक ही परिवार के 7 व ड्रायवर मिलाकर आठ लोग थे कार में सवार

रायगढ़. लैलूंगा निवासी दो बहन अपने परिवार के लोगों के साथ चुहकीमार अपने पिता के यहां मेहमानी में आई हुई थीं। जहां से कार में आठ लोग सवार होकर रायगढ़ बंजारी मंदिर दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद वे लोग वापस चुहकीमार लौट रहे थे।

रास्ते में पूंजीपथरा से आगे सामारूमा मेन रोड के पास ओवरस्पीड कार के चालक ने अपना संतुलन खो दिया और कार रोड से नीचे उतर कर एक विशालकाय पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए घरघोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची ने अपना दम तोड़ दिया।

वहीं घरघोड़ा अस्पताल से रायगढ़ रिफर हुई एक महिला की भी मौत हो गई। इस प्रकार एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि तीन अन्य की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है। घरघोड़ा टीआई अरूण नेताम से मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा के बायसीमुड़ा निवासी सोनिया चौहान 23 वर्ष व लैलूंगा की भवानीपुर निवासी भागवती चौहान 25 वर्ष दोनों सगी बहनें हैं।

बीते दिनों दोनों बहनें अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने पिता बाबुलाल चौहान के यहां घरघोड़ा के चुहकीमार मेहामानी में आए हुए थे। 19 अप्रैल की सुबह चुहकीमार से सोनिया चौहान उसकी बेटी भानोप्रिया चौहान डेढ़ वर्ष, इंदू चौहान 18 वर्ष, भागवती चौहान, पायल चौहान 11 वर्ष, रेशम चौहान व ड्रायवर गोलू अग्रवाल व एक बच्चा इरटिगा कार क्रमांक सीजी 13 यूबी 0374 में सवार होकर रायगढ़ बंजारी मंदिर माता के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन करने के बाद वे वापस चुहकीमार लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय कार की रफ्तार अधिक थी।

जैसे ही वे पूंजीपथरा से आगे सामारुमा के पास पहुंचे थे कि कार चालक ने अपना संतुलन खो दिया। इसके बाद कार घुमते हुए सड़क किनारे स्थित एक विशालकाय पेड़ से जा टकराई। कार और पेड़ की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से चिपट गया। वहीं कार में बैठे लोगों के बीच हड़कप मच गया।

किसी के सिर में तो किसी के हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर रूप से चोट आई थी। कोई मौके पर बेहोश हो गया तो कोई जोर-जोर से चीख-पुकार मचा रहा था। इस घटना में कार में सवार सभी आठ लोगों को चोट आई थी। घटना के बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों को कार से बाहर निकाला और घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया।


मासूम बच्ची ने तोड़ा दम
घरघोड़ा अस्पताल में उपचार के दौरान डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची भानोप्रिया ने अपना दम तोड़ दिया। ऐसे में घरघोड़ा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। वहीं घरघोड़ा पुलिस ने बताया कि सोनिया चौहान, भागवती चौहान, पायल चौहान व इंदू चौहान को गंभीर रूप से चोट आने की वजह से उन्हें रायगढ़ जिंदल अस्पताल रिफर कर दिया गया है। बाकी अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।


जिंदल अस्पताल में एक की मौत
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं में एक की जिंदल अस्पताल में मौत हो गई है। जबकि तीन की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। ऐसे में इस मामले में कोतरारोड पुलिस शून्य में मर्ग कायम करने की प्रक्रिया में लग गई है।


क्या कहते हैं पूंजीपथरा टीआई
इस संंबंध में पूंजीपथरा टीआई जितेन्द्र सोनी से बात की गई तो उनका कहना था कि अभी मामले में सिर्फ 279, 337 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जानकारी हुई है कि घरघोड़ा अस्पताल में एक बच्ची तो जिंदल अस्पताल में एक महिला की मौत हो गई है। मामले की डॉक्टरी रिपोर्ट मिलने पर और धाराएं जोड़ी जाएंगी।