रायगढ़

Trailer Accident: रायगढ़ में ट्रेलर ने बाइक सवारों को रौंदा, 2 की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Raigarh Accident: रायगढ़ के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
2 min read
Jul 05, 2026
Trailer Accident
ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार 2 की मौत (photo source- Patrika)

Trailer Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बंगुरसिया रोड पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

Road Accident Chhattisgarh: रायपुर से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई निवासी ज्ञानचंद मिर्धा (21), प्रकाश राठिया (20) और बुटरु (21) रविवार सुबह किसी काम से रायगढ़ आए थे। काम निपटाने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 11 बजे जैसे ही वे बंगुरसिया रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में प्रकाश राठिया की मौके पर ही ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ज्ञानचंद मिर्धा और बुटरु गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान एक और युवक ने तोड़ा दम

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि इलाज के दौरान बुटरु को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं ज्ञानचंद मिर्धा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

Raigarh Accident: पुलिस जांच में जुटी

चक्रधर नगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही गांव के तीन युवकों में से दो की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Updated on:
05 Jul 2026 05:32 pm
Published on:
05 Jul 2026 05:31 pm