रायगढ़

युवक कांग्रेस ने शुरू की विकास खोजो यात्रा, मोमबत्ती व टार्च जलाकर शहर में घूम-घूमकर खोजा विकास

-आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, सांसद व विधायक विकास होने की बात कर सिर्फ जनता को गुमराह कर रहे हैं

2 min read
May 17, 2018
युवक कांग्रेस ने शुरू की विकास खोजो यात्रा, मोमबत्ती व टार्च जलाकर शहर में घूम-घूमकर खोजा विकास

रायगढ़. सरकार के विकास यात्रा के बदले युवक कांग्रेस विकास खोजो यात्रा शुरू की है। इसकी शुरुआत रायगढ़ विधायक व सांसद के बंगले के पास से की गई। यहां आरोप लगाया गया कि इस यात्रा में विकास तो नजर नहीं आया बल्कि उसके एवज में अधूरे कार्यों और शहर में गंदगी की भरमार मिली।

बुधवार को विकास की खोज के लिए कांग्रेसी अपने कार्यालय से निकले इसके बाद इस यात्रा के तहत युवक कांग्रेस के सदस्य विधायक निवास पहुंचे। यहां विधायक की गाड़ी के नीचे विकास तो खोजा ही गया। वहीं आसपास भी विकास खोजते हुए मोमबत्ती व टार्च जलाई गई।

इसके बाद युवक कांग्रेसी सांसद निवास के पास पहुंचे। यहां भी विकास खोजा गया। इस दौरान आसपास विकास खोजते हुए कांग्रेस पहुंचे तो आसपास की नालियों में गंदगी नजर आई। इसे ही युवक कांग्रेस के सदस्यों ने राज्य सरकार का विकास बताया। युवक कांग्रेस के सदस्यों का कहना था कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की हालत बहुत ही खराब है।

सांस्कृतिक भवन का काम अधूरा पड़ा हुआ है। इसी तरह से और भी कई निर्माण एवं विकास के कार्य अभी तक नहीं हुए हैं। वहीं आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, सांसद व विधायक विकास होने की बात कर सिर्फ जनता को गुमराह कर रहे हैं। खोजो विकास के प्रदर्शन में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रानू यादव, जिला युवा कांग्रेस महासचिव कौशिक भौमिक, आशीष जयसवाल, अवध डनसेना, जिला सचिव महेंद्र यादव, अनिल साहू, अजहर हुसैन, राहुल सिंह, अमन बंजारे, महावीर चौहान, बंटी शर्मा, शिवम् भट, अमित बंजारे, अरसद अली, खिलेश यादव, रितेश तिवारी सहित प्रदीप मिश्रा, आकाश मिश्रा, पार्षद दीपक एक्का, पंकज पटेल, रमेश भगत उपस्थित थे।

जमकर की गई नारेबाजी
विकास खोजो यात्रा के दौरान युवक कांग्रेस के सदस्य जब नालियों के पास पहुंचे तो वहां गंदगी का नजारा था। ऐसे में उसे ही शहर का विकास बताया। इसके साथ ही युवक कांग्रेस के सदस्यों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

Published on:
17 May 2018 12:57 pm