रायपुर

COVID-19: रायगढ़ ने बनाया रिकॉर्ड, 100 प्रतिशत आबादी को लगी कोरोना की पहली डोज

Vaccination in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में पहले की तुलना में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़ी है। 1.99 करोड़ लक्षित आबादी में 59 प्रतिशत को पहली डोज लग चुकी है।

3 min read
Sep 11, 2021
तीसरी लहार की आशंका के बीच छत्तीसगढ़ में एक करोड़ लोगों को वैक्सीन की पहली डोज, 24 लाख को दोनों डोज

रायपुर. Vaccination in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में पहले की तुलना में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़ी है। 1.99 करोड़ लक्षित आबादी में 59 प्रतिशत को पहली डोज लग चुकी है। मगर, 11.18 लाख आबादी वाले रायगढ़ जिले ने जब 21 अगस्त को शत प्रतिशत आबादी को पहला डोज लगवाने का रेकॉर्ड अपने नाम किया तो यह सवाल उठता है कि बाकी जिले क्यों पीछे हैं? 20 दिन बाद भी किसी जिले के आंकड़े लक्ष्य के आस-पास भी नहीं है।

'पत्रिका' ने राज्य स्वास्थ्य विभाग के जिलों को दिए टीकाकरण के लक्ष्य और केंद्र सरकार के कोविन पोर्टल में मौजूदा डाटा के आधार पर अध्ययन किया। सामने आया कि कई बड़े-बड़े जिलों में अभी पहला डोज ही 50-55 प्रतिशत आबादी को लग पाया है। अगर, यही स्थिति रही तो तीसरी लहर खतरा पैदा करेगी। जबकि आज स्थिति यह है कि राज्य में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। वैक्सीन है, लोग लगवा नहीं रहे हैं। घरों से नहीं निकल रहे हैं। अभी भी बड़ी संख्या में फ्रंट लाइन वॉरियर, हेल्थ केयर वर्कर ऐसे हैं जिन्होंने दूसरी डोज नहीं लगवाई है। क्यों? विभाग के पास इसका जवाब नहीं है।

दूसरी डोज के बाद ही बनेगी एंटीबॉडी
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का कहना है कि पहले डोज के बाद दूसरा डोज लगवाने वालों की संख्या 80 लाख है। सोचिए, अगर इतने लोगों को दूसरा डोज लग जाए तो दूसरे डोज का प्रतिशत 17 से बढ़कर 30-35 तक पहुंच सकता है। यहां यह भी स्पष्ट है कि दोनों डोज लगने के 10-15 दिनों के बाद एंटीबॉडी बनेगी, इसलिए दोनों डोज जरूरी हैं।

45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग लोग हुए जागरूक- राज्य के लिए अच्छी खबर यह है कि 45 से अधिक आयुवर्ग के नागरिक जो कोरोना की पहली और दूसरी लहर में सबसे ज्यादा संक्रमित हुए और इसी आयुवर्ग के लोगों की सबसे ज्यादा जानें भी गईं। अब तक इस आयुवर्ग के 93 प्रतिशत लोगों को पहला और 41 प्रतिशत को दूसरा डोज लग चुका है। 18 से 44 आयुवर्ग के 42 प्रतिशत लोगों भी पहला डोज लगवा चुके हैं।

रायपुर और रायगढ़ की तुलनात्मक स्थिति
रायपुर और रायगढ़ जिसे की आबादी में बहुत कम अंतर है। मगर, रायपुर 79.64 प्रतिशत आबादी को ही पहली डोज लग पाई है। दूसरी डोज का प्रतिशत 30-32 है। रायपुर के जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि पहले की तुलना में अभी अधिक टीके लग रहे हैं। लोगों में भी उत्साह दिख रहा है। दूसरा डोज लगवाने के लिए लोगों से संपर्क किया जा रहा है।

सितंबर में मिलने हैं 35.50 लाख डोज
राज्य को सितंबर में 35.50 लाख डोज मिलने हैं। वर्तमान में सभी जिलों में मिलाकर 9 लाख डोज हैं। केंद्र सरकार के शेड्यूल के मुताबिक लगभग हर तीसरे दिन वैक्सीन राज्य को उपलब्ध करवाई जाएंगी। अगले महीने अधिक वैक्सीन मिलने की बात कही जा रही है, क्योंकि कंपनियों ने प्रोडक्शन बढ़ा दिया है।

स्वास्थ्य विभाग के राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वीआर भगत ने कहा, रायगढ़ ने टीकाकरण को लेकर बेहतर काम किया है। बाकी जिले भी कर सकते हैं। अभी तो वैक्सीन की कोई कमी नहीं है, 9 लाख जो स्टॉक में हैं। लगातार सप्लाई बनी हुई है।

जिलों की स्थिति
जिले- लक्ष्य- पहला डोज
बालोद- 6,01,449- 5,51,716
बलौदाबाजार- 10,01,889- 5,21,938
बलरामपुर- 6,49,066- 2,48,788
बस्तर- 6,33,134- 3,91,733

बेमेतरा- 6,43,240- 2,69,121
बीजापुर- 2,03,508- 1,14,356

बिलासपुर- 14,56,668- 9,78,035
दंतेवाड़ा- 2,27,426- 1,63,972

धमतरी- 5,69,367- 5,00,578
दुर्ग- 12,97,775- 10,66,549

गरियाबंद- 4,30,267- 2,31,246
गौरेला पेंड्रा मरवाही- 2,69,750- 1,55,216

जांजगीर चांपा- 12,23,815- 6,94,560
जशपुर- 6,38,555- 4,05,741

कबीरधाम- 6,04,591- 3,69,846
कांकेर- 5,54,113- 3,74,067

कोंडागांव- 4,24,370- 2,32,381
कोरबा- 9,29,022- 6,09,568

कोरिया- 4,66,374- 2,60,439
महासमुंद- 7,52,592- 7,05,752

मुंगेली- 6,37,194- 2,64,935
नारायणपुर- 1,06,082- 49,747

रायगढ़- 11,18,906- 12,73,952
रायपुर- 18,30,989- 17,52,556

राजनांदगांव- 11,87,625- 10,18,098
सुकमा- 2,07,972- 1,47,780

सूरजपुर- 5,62,429- 3,12,699
सरगुजा- 7,50,265- 4,73,540

(नोट- 10 सितंबर को कोविन पोर्टल में उपलब्ध डेटा के मुताबिक)

Published on:
11 Sept 2021 11:36 am
Also Read
View All