रायपुर

आपस में गले मिलीं, फिर ट्रेन के आगे कूद गईं दो बहनें और भतीजी, फिर…

राजधानी के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्टेशन के पास शनिवार को तीन युवतियां एक साथ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के सामने कूद गईं
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2018, 8:17 AM IST
Train accident
आपस में गले मिलीं, फिर ट्रेन के आगे कूद गईं दो बहनें और भतीजी, फिर...

रायपुर. राजधानी के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्टेशन के पास शनिवार को तीन युवतियां एक साथ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के सामने कूद गईं। जिससे वे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों को अम्बेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां एक कोमा में है, जबकि दो का उपचार किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक धड़ाधड़ कर आती ट्रेन के आगे अचानक पटरी पर युवतियों को देखकर ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इनमें से दो युवतियां पटरी के बीच में फंस गईं तो एक युवती दूर छिटककर गिरी। पटरी के बीच फंसी युवतियों को टे्रन रिवर्स होने के बाद यात्रियों ने उन्हें बाहर निकाला और ट्रेन की लगेज बोगी में रखकर रायपुर स्टेशन तक लाया गया। आरपीएफ प्रभारी दिवाकर मिश्रा ने बताया कि यह हादसा शाम 4 बजकर 5 मिनट पर हुआ।

हादसे की सूचना सबसे पहले ट्रेन चालक ने स्टेशन मास्टर को दी तो रेलवे कंट्रोल रूम से अमले को जानकारी हुई। सुरक्षा अमला मौके पर पहुंचता, इससे पहले तीनों लड़कियों को बेहोशी की हालत में टीटीइ और यात्रियों की मदद से गाड़ी के एसएलआर बोगी में रखकर मुख्य स्टेशन में लाकर उन्हें तुरंत हास्पिटल पहुंचा गया।

गंभीर रूप से घायल लड़कियों के परिजनों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। इनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है और वह कोमा में है। उसके दोनों पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि दो लड़कियों के चहेरे में चोटें आई हैं।

मुख्य स्टेशन मास्टर वीपीटी राव की मौजूदगी में ट्रेन ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी 35 से 40 की स्पीड में चल रही थी, डब्ल्यूआरएस स्टेशन के पास पहले तीनों लड़कियां गले मिलते हुए नजर आई फिर सामने ट्रेन आते ही अचानक कूद पड़ी। इस वजह से हादसा हुआ। चालक ने यह भी बताया कि इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बाद भी हादसा को टाला नहीं जा सका। इंजन के नीचे एक युवती पटरी के बीच में फंस गई, जबकि दो इधर-इधर गिरी।

Published on: