रायपुर

ओनाकोना से घटरानी तक… रायपुर के पास हैं ये 5 खूबसूरत पिकनिक डेस्टिनेशन, नजारे मोह लेंगे मन

Tourist Places: ओनाकोना से घटरानी तक, 100 किमी के दायरे में ऐसी 5 शानदार जगहें हैं जहां आप फैमिली और दोस्तों के साथ एक दिन की यादगार पिकनिक का आनंद ले सकते हैं।

3 min read
Jun 18, 2026
Tourist Places in Chhattisgarh
पिकनिक डेस्टिनेशन: Tourist Places in Chhattisgarh (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@ताबीर हुसैन। International Picnic Day 2026: अगर आप शहर की भागदौड़ से दूर प्रकृति के बीच सुकून भरे कुछ घंटे बिताना चाहते हैं तो रायपुर से 100 किमी के दायरे में कई ऐसे खूबसूरत ठिकाने हैं जहां सुबह निकलकर देर शाम तक आराम से घर वापसी की जा सकती है। अच्छी सड़कें, 2 से 3 घंटे का सफर और प्राकृतिक खूबसूरती इन जगहों को फैमिली और फ्रेंड्स के साथ वन-डे ट्रिप के लिए खास बनाती है। 18 जून को अंतरराष्ट्रीय पिकनिक दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर जानिए टॉप पिकनिक स्पॉट के बारे में बता रहे हैं एडवेंचर एक्सपर्ट खेमलाल साहू।

घटारानी वॉटरफॉल और जतमई मंदिर

रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर स्थित घटारानी वॉटरफॉल घने जंगलों के बीच अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। पास ही जतमई माता मंदिर स्थित है जहां श्रद्धा और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है। फोटोग्राफी, ट्रेकिंग और फैमिली पिकनिक के लिए यह शानदार जगह है। राजधानी से इसकी दूरी करीब 85 किमी है। रायपुर से राजिम तक बस और ट्रेन की सुविधा है। राजिम से खुद के साधन से पहुंच सकते हैं लेकिन बेहतर हो रायपुर से ही अपने साधन से जाया जाए।

चंपारण धाम

श्रीवल्लभाचार्यजी की जन्मस्थली चंपारण धार्मिक महत्व के साथ-साथ अपने शांत और हरियाली भरे वातावरण के लिए भी जाना जाता है। कम दूरी होने के कारण यहां आराम से समय बिताकर शाम तक घर लौटा जा सकता है। रायपुर से वहां की दूरी करीब 50-60 किमी है। रायपुर से नवापारा होते हुए बस सेवा भी है। नवापारा तक ट्रेन है।

ओनाकोना

रायपुर से करीब 90-100 किमी दूर स्थित ओनाकोना प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था का शानदार मेल है। गंगरेल जलाशय के किनारे बना भव्य शिव मंदिर इसकी पहचान है। चारों ओर हरियाली, पहाड़ और शांत जलराशि इसे पिकनिक, फोटोग्राफी और बोटिंग के लिए खास बनाते हैं। सूर्योदय और सूर्यास्त के नजारे आकर्षित करते हैं। परिवार और दोस्तों के साथ एक दिन की सैर के लिए यह तेजी से लोकप्रिय हो रहा पर्यटन स्थल है।

तांदुला डैम

पानी के विशाल विस्तार और खूबसूरत नजारों के कारण तांदुला डैम पर्यटकों की पसंदीदा जगहों में शामिल है। बोटिंग और वाटर एक्टिविटीज के कारण इसे कई लोग मिनी गोवा भी कहते हैं। एक दिन की पिकनिक के लिए यह बेहतरीन विकल्प है। राजधानी से दूरी करीब 95-100 किमी है। खुद का साधन से जाना होगा।

तुरतुरिया धाम

बलौदाबाजार-कसडोल मार्ग पर स्थित तुरतुरिया प्राकृतिक झरनों और राम वन गमन पथ से जुड़े धार्मिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है। जंगलों के बीच स्थित यह स्थल प्रकृति और अध्यात्म दोनों का अनुभव कराता है। रायपुर से इसकी लंबाई करीब 80-100 किमी है। बलौदाबाजार या कसडोल तक बस सेवा है।

इन बातों का ध्यान

  • सुबह 7 से 8 बजे के बीच निकलना बेहतर रहेगा।
  • पानी, स्नैक्स, फर्स्ट एड किट और रेनकोट साथ रखें।
  • मौसम और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी पहले से ले लें।
  • प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करें और पर्यटन स्थलों को साफ रखने में सहयोग करें।
Published on:
18 Jun 2026 01:58 pm