रायपुर

CG Dhan Kharidi: पहले दिन 55 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी, 14567 किसानों ने बेचा धान

CG Dhan Kharidi: धान खरीदी के लिए कुल 24 हजार 748 टोकन जारी किए गए थे। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के भाठागांव (बी) धान खरीदी केन्द्र से प्रदेशव्यापी धान खरीदी महापर्व का शुभारंभ किया।

2 min read
Nov 15, 2024
CG Dhan Kharidi

CG Dhan Kharidi: प्रदेश में गुरुवार से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हुई। धान खरीदी के पहले दिन 14562 किसानों के द्वारा लगभग 55 हजार मीट्रिक टन धान बेचा गया। धान खरीदी के लिए कुल 24 हजार 748 टोकन जारी किए गए थे। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के भाठागांव (बी) धान खरीदी केन्द्र से प्रदेशव्यापी धान खरीदी महापर्व का शुभारंभ किया। धान खरीदी 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। वहीं, सीएम ने सोशल मीडिया में धान खरीदी की शुरुआत होने पर किसानों को बधाई दी।

सीएम साय ने सोशल मीडिया में लिखा

अन्नदाता साथियों के धान का एक-एक दाना खरीदना हमारा लक्ष्य है। इसके तहत इस बार 27 लाख से अधिक किसानों का धान हमारी सरकार खरीदेगी और भुगतान भी 72 घंटे के अंदर सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने आगे लिखा कि किसानों को धान खरीदी के लिए अधिक दूरी तय न करना पड़े, इसका भी हमने विशेष ख्याल रखा है और 2739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, अन्नदाता हमारे छत्तीसगढ़ की आत्मा हैं, उनकी मेहनत को पूरा दाम और सम्मान मिले, इसके लिए हमारी सरकार तत्पर है। हमने किसानों से उनके पूरी उपज को खरीदने, खरीदी में पूरी पारदर्शिता बरतने और तय समयसीमा में भुगतान करने पर विशेष ध्यान दिया है।

नहीं मिल रही एकमुश्त राशि: कांग्रेस

धान खरीदी के साथ जिला कांग्रेस कमेटी ने धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उधो राम वर्मा ने बताया कि पहले दिन धान की आवक कम रही। उनका कहना है कि समिति में 70 फीसदी छोटे किसानों और 30 फीसदी दीर्घ किसानों से खरीदी का आदेश है। कई खरीदी केंद्रों में छोटे किसानों का धान नहीं पहुंचा है। ऐसी स्थिति में बड़े किसानों का धान खरीदी का अनुपात बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा, अभी किसानों को केवल समर्थन मूल्य की राशि का भुगतान किया जा रहा है। जबकि भाजपा ने एकमुश्त राशि देने की बात कहीं थी।

27.68 लाख किसानों ने कराया पंजीयन

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस साल धान बेचने के लिए 27,01,109 पंजीकृत किसानों द्वारा बोये गए धान का कुल रकबा 34,51,729 हेक्टेयर है। पंजीकृत किसानों में 1,35,891 नए किसान हैं। धान खरीदी से पहले समिति में किसानों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

Updated on:
15 Nov 2024 07:51 am
Published on:
15 Nov 2024 07:49 am
Also Read
View All

अगली खबर