रायपुर

पनामा पेपर्स: भूपेश के लगाए दावों का अभिषेक ने किया खंडन, कहा- मेरा विदेश में कोई खाता नहीं

अभिषेक सिंह ने कहा, भूपेश बघेल के आरोप निराधार, तथ्यहीन और राजनीति से प्रेरित हैं
2 min read
• •
Updated: 8 Jul 2018, 9:33 AM IST
Abhishek vs Bhupesh
पनामा पेपर्स: भूपेश के लगाए दावों का अभिषेक ने किया खंडन, कहा- मेरा विदेश में कोई खाता नहीं

रायपुर. भूपेश बघेल के इन आरोपों के बाद मुख्यमंत्री के बेटे और राजनांदगांव सांसद अभिषेक सिंह भी सामने आ गए हैं। सांसद ने कहा, उनका नाम शुरू से ही अभिषेक सिंह है। पढ़ाई के दौरान गलती से अंग्रेजी में उनका नाम अभिषाक सिंह हो गया, जिसे से एक सार्वजनिक सूचना के जरिए ठीक कराया गया। उनका कहना था, उन्होंने कभी अपना नाम नहीं बदला। स्पेलिंग में जो सुधार किया गया था वह सार्वजनिक है। उन्होंने कहा, विदेश में उनका किसी भी नाम से कोई भी बैंक अकाउंट नहीं है। कांग्रेस नेताओं और कुछ अन्य लोगों ने इसे लेकर सर्वोच्च न्यायालय में भी याचिका लगाई थी, जिसे न्यायालय खारिज कर चुका है। अभिषेक सिंह ने शैलेट कंपनी शैलेट कंपनी के शेयर ट्रांसफर को कानूनी प्रक्रिया के तहत हुआ अंतरण बताया। उनका कहना था, यह जानकारी सार्वजनिक है और अब उनका शैलेट कंपनी से कोई सरोकार नहीं है।

रेल परियोजना से जमीन का लेना-देना नहीं : अभिषेक सिंह का कहना था, शैलेट एस्टेट कंपनी ने घोटिया गांव में वह जमीन 2011 में खरीदा था। उस जमीन का प्रस्तावित रेल परियोजना से कोई संबंध नहीं है। अभिषेक सिंह ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद पहली बार उस क्षेत्र में रेल की सौगात मिलने जा रही है, जनता का यह सपना साकार होता देखकर भूपेश बघेल बौरा गए हैं। उनका कहना था, रेल परियोजना में व्यवधान उत्पन्न कर भूपेश बघेल ने साबित किया है, कांग्रेस का हाथ सिर्फ और सिर्फ विनाश के साथ है।

अभिषेक सिंह ने कहा, भूपेश बघेल के आरोप निराधार, तथ्यहीन और राजनीति से प्रेरित हैं। कांग्रेस को कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है, इसलिए वे झूठ की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। अभिषेक ने कहा, जमीन के गोरखधंधे से जुड़े कांग्रेस अध्यक्ष को पाटन में अवैध रूप से अतिक्रमित जमीन को खोने का गम सता रहा है। अश्लील सीडी कांड में भूपेश बघेल का चरित्र सबके सामने आ चुका है, कार्रवाई के डर की बौखलाहट में वे ऐसे तथ्यहीन आरोप लगा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ रेल कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय रस्तोगी ने शनिवार को बताया कि वर्तमान सर्वेक्षित लाइन कवर्धा जिले के ग्राम घोटिया से बल्कि ये वहां से चार किलोमीटर दूर से जाती है। प्रस्तावित लाइन में ग्राम घोटिया की कोई भूमि नहीं ली जा रही है। वर्तमान में प्रस्तावित कटघोरा-मुंगेली-कवर्धा-डोंगरगढ़ लाइन का सर्वेक्षण केवल तकनीकी एवं वाणिज्यिक बिन्दुओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। यह लाइन 2011 में सर्वेक्षित लाइन से अलग है।

Published on: