CG Politics: रायपुर प्रदेश में गायों को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है।
CG Politics: छत्तीसगढ़ के रायपुर प्रदेश में गायों को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि राज्य से पिछले पौने दो सालों में लगभग 5 लाख से अधिक गोवंश गायब हो गए। दुर्घटना से मरने वाली भूख से मरने वाली कुल गायों की संख्या तो लगभग 2000 से 2500 तक है।
उनकी मांग है कि सरकार इस मामले में अपना स्पष्टीकरण दें। कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करने की भी तैयारी में है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारवार्ता ली। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के राज में गायों की तस्करी शुरू हो गई है। गाय भूख और दुर्घटना से मर रही है।
उन्होंने बताया कि गायों की मौत के मामले में कांग्रेस ने अभी तक 6 कमेटियां बनाई हैं। उनकी रिपोर्ट और हमने जो अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव वालों से चर्चा कर जानकारी एकत्रित की, वह बहुत ही चौंकाने वाली वाली और दुखद है। दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है।
अर्थात राज्य से पिछले दो सालों में लगभग 5 लाख से अधिक गोवंश गायब हो गए। इसका सीधा मतलब है कि उनकी तस्करी कर यूपी, महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस पहुंचा दी गई। बैज ने कहा कि मोदी सरकार आने के बाद भारत ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, तो हमने गायों की रक्षा के लिए गोठान बनाए।
गोबर खरीदी शुरू की, ताकि लोग गायों का पालन-पोषण करें। अब भाजपा की डबल इंजन की सरकार तो गोवंश को कत्ल खाने भेज रही है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि गायों के नाम पर कांग्रेस ने लूट मचाई थी। गोठान के नाम पर भ्रष्टाचार किया था। अब विष्णु सरकार गायों को लेकर नीति बना रही हैं। नीति के आधार पर गायों का संरक्षण किया जाएगा।