
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं में कई ऐसी रस्में शामिल हैं, जिनके पीछे गहरी धार्मिक आस्था और लोकविश्वास जुड़े हुए हैं। दीपावली के अवसर पर प्रदेश के दुर्ग जिले में ऐसी ही एक अनूठी परंपरा देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीरी-कुम्हारी में गौरा-गौरी पूजा के दौरान सोंटा प्रहार की पारंपरिक रस्म निभाई। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों पर सोंटे का प्रहार सहा और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा अनिष्ट के नाश की कामना की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीप पर्व सभी के जीवन को इसी तरह जगमग करता रहे। हर बार लोगों के बीच आकर उन्हें खुशी महसूस होती है। ग्रामीणों के साथ दिवाली का आनंद साझा करके उनका मन हर्षित हो जाता है।cas
गौरा-गौरी पूजा से जुड़ी सोंटा प्रहार की रस्म छत्तीसगढ़ की विशिष्ट लोकपरंपराओं में गिनी जाती है। दीपावली के अगले दिन गौरा-गौरी उत्सव और विसर्जन के दौरान इस रस्म का निर्वहन किया जाता है। इसमें कुश, घास या धान के पैरे से एक विशेष कोड़ा तैयार किया जाता है, जिसे स्थानीय भाषा में सोंटा कहा जाता है।
इस परंपरा की सबसे खास बात यह है कि श्रद्धालु सोंटे के प्रहार को केवल शारीरिक पीड़ा के तौर पर नहीं देखते। वे इसे देवी-देवताओं के आशीर्वाद और प्रसाद के रूप में स्वीकार करते हैं। लोकविश्वास है कि गौरा-गौरी की पूजा के बाद सोंटे का प्रहार सहने से नकारात्मकता और अनिष्ट दूर होते हैं तथा जीवन में खुशहाली आती है। यही वजह है कि इस रस्म में हर साल बड़ी संख्या में लोग भाग लेते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ सामुदायिक एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान का भी प्रतीक मानी जाती है।