बिलासपुर नगर निगम के इतिहास में पहली बार महापौर का निर्वाचन निर्विरोध हुआ और कांग्रेस ने यहां अपना कब्जा जमाते हुए पार्षद रामशरण यादव निर्विरोध महापौर चुन लिए गए।
रायपुर. बिलासपुर नगर निगम के इतिहास में पहली बार महापौर का निर्वाचन निर्विरोध हुआ और कांग्रेस ने यहां अपना कब्जा जमाते हुए पार्षद रामशरण यादव निर्विरोध महापौर चुन लिए गए। महापौर पद के लिए भाजपा ने अपना प्रत्याशी खड़ा नहीं किया। इसी तरह सभापति शेख नजिरुद्दीन भी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।
पर्यवेक्षक और मंत्री रविन्द्र चौबे ने वरिष्ठ नेता और पिछड़ा वर्ग से आने वाले रामशरण यादव को महापौर प्रत्याशी घोषित किया। उनके नाम पर सभी पार्षदों ने सहमति जताई थी। रामशरण यादव इससे पूर्व महापौर का चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन हार गए थे। इसी बार अप्रत्यक्ष प्रणाली चुनाव में कांग्रेस फिर रामशरण यादव को फिर से मौका दिया और वे निर्विरोध चुन लिए गए।
रामशरण यादव वर्ष 2015 के महापौर चुनाव में 35 हजार मतों से हार गए थे । भाजपा के किशोर राय ने उन्हें हराया था। शनिवार को बाजी पलट गई और रामशरण यादव को उस हार की भरपाई मिल गई। स्थिति ऐसी बनी कि भाजपा को कांग्रेस ने महापौर का चुनाव लडऩे के लायक नही छोड़ा।