
रायपुर . केन्द्र सरकार के चार साल पूरे होने पर छत्तीसगढ़ भाजपा ने केन्द्र सरकार को बधाई देते हुए कहा कि विपक्षी दलों के एकजुट होने पर चुटकी भी ली। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने राजनीतिक दलों के एकजुट होने पर निशाना साधते हुए विपक्षी दलों की तुलना सांप, छछूंदर नेवला से की। उन्होंने कहा कि जैसे बाढ़ आने पर सांप, छछूंदर नेवला एक जगह आ जाते हैं वैसे ही प्रधानमंत्री मोदी को रोकने के लिए विपक्ष एक जगह आ रहे हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया एनडीए सरकार को नाकाम बता रहे हैं तो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी विपक्ष को 2019 में एकजुट कर भाजपा के खिलाफ चुनाव लडऩे क्यों कह रहे है? उन्होंने कहा कि विपक्षियों का यही भय हमारी सफलता का परिचायक है। नरेन्द्र मोदी के चार साल बेमिसाल रहे हैं और विपक्षियों का यह गठबंधन स्वार्थ का बंधन है जो उनके हित के लिए तो है परन्तु देश हित के खिलाफ है।
भाजपा नेता कौशिक ने पुनिया के छत्तीसगढ़ की सभी सीट जीतने के दावे को दिवास्पप्न बताते हुए कहा कि कांग्रेस के अन्य प्रभारियों की तरह पुनिया छत्तीसगढ़ से मायूस होकर लौटेंगे। उन्होंने कहा कि पीएल पुनिया प्रेस वार्ता छोड़ जनता के बीच जाए और मोदी सरकार के बारे में पूछ लें तो उन्हें समझ आ जाएगा कि देश के प्रधानमंत्री के बारे में जनता क्या सोचती है। केवल पत्रकार वार्ता को ही राजनीति समझने वाले कांग्रेसी अपने और अपनी पार्टी को धोखा देने के सिवाय कुछ नहीं कर रहे हैं।
धरमलाल कौशिक ने कहा कि मोदी सरकार ने बेमिसाल चार साल पूर्ण कर लिए हैं, जिसमें उन्होंने राजनीति पर जनता की सोच में सकारात्मक बदलाव लाया है। यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। मोदी ने पॉलिटिक्स ऑफ परफार्मेंस की शुरुआत की है जिसे पार कर पाना कांग्रेसियों के बस की बात नहीं है।