भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सरोज पांडेय ने कहा कि सरकार दुर्भावना पूर्वक नहीं बल्कि लोकतंत्र पर विश्वास कर चालाना चहिए।
रायपुर. भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री डॉ.सरोज पांडेय ने रविवार को केरल और पश्चिम बंगाल की सरकारों को आगाह करते हुए कहा कि उनको सरकार दुर्भावना पूर्वक नहीं बल्कि लोकतंत्र पर विश्वास कर चालाना चहिए। केरल में हमारे (भाजपा के) तीन सौ से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है। ये 20 से 25 साल के युवा थे। लोकतंत्र में बात रखने का अधिकार सबको है, लेकिन अगर हत्या की राजनीति होगी तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने वहां पर जो जनरक्षा मार्च शुरू की है वह इसलिए कि अगर भविष्य में हमारे कार्यकर्ताओं को आंख दिखाने की स्थिति बनती है तो हम घर में घुसकर आंखें निकाल लेंगे, यह तय है।
हम चाहें तो सरकारों को बर्खास्त भी कर सकते हैं
उन्होंने कहा कि केन्द्र में भाजपा की सरकार है। हम चाहें तो इन सरकारों को बर्खास्त भी कर सकते हैं, लेकिन हमारा लोकतंत्र पर अटल विश्वास है। डॉ.पाण्डेय रविवार को सांकरा(कुम्हारी) में देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रही थीं।
इधर, सत्यपाल सिंह ने कहा- भगवा ज्ञान व अध्यात्म का रंग
इधर, बिलासपुर में केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह ने कहा कि सिर्फ केंद्रीय विश्वविद्यालय का ही नहीं पूरे देश का भगवाकरण होना चाहिए। भगवा ज्ञान का प्रतीक है। सूर्य का रंग भी भगवा है। उन्होंने भगवा की वकालत करते हुए कहा कि भारतीय समाज इस रंग को सन्यास का रंग मानता है। यह अध्यात्म का रंग है।
ज्यादातर आत्म हत्याओं की वजह निजी
केंद्रीय विश्वविद्यालय की छात्रा की आत्महत्या को मोदी के मंत्री सत्यपाल सिंह ने निजी कारण करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे पुलिस की 30 साल की सेवा के दौरान ऐसा अनुभव हुआ है और आंकड़े भी यही कहते हैं कि आत्महत्या के ज्यादातर मामले निजी कारणों से होते हैं। इसलिए छात्रों को हौसला बनाए रखना चाहिए।