
BJP vs Congress: जनजातीय गौरव दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धरमजयगढ़ रवाना होने से पहले कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक जनजातीय समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि आजादी के 79 साल में केंद्र और राज्यों में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन आदिवासी समाज के समुचित विकास के लिए भाजपा ने वास्तविक रूप से काम किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस ने जनजातीय समाज को हमेशा वोट बैंक के नजरिए से देखा। वहीं, भाजपा ने आदिवासी समाज के विकास और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में अलग से जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया था।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के विकास के लिए शुरू किए गए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान में छत्तीसगढ़ के 6 हजार 691 गांव शामिल हैं। इसके माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर काम हो रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन क्षेत्रों में पक्के मकानों का निर्माण, सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली, घरों तक पानी की व्यवस्था और राशन कार्ड बनाने जैसे काम किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस नेताओं से आदिवासी क्षेत्रों और विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों में जाकर विकास कार्यों को देखने की बात कही। उन्होंने कहा कि वहां लोगों के घरों, बिजली, पानी और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए काम हो रहा है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री का यह बयान राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।