रायपुर

वीडियो: यहां मौत के बाद मुआवजे के लिए होता है सौदा, डॉक्टरों और अफसरों को देनी पड़ती है दलाली

आपदा के दौरान हुई मौत के मुआवजे को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा हुआ। अंबेडकर अस्पताल में इस लेकर खुलेआम दलाली का खेल चल रहा है।
3 min read
• •
Updated: 21 Jan 2018, 8:21 PM IST
Ambedkar Hospital
वीडियो: शर्मसार कर देने वाली खबर, मौत के बाद मुआवजे के लिए यहां देनी पड़ती है रिश्वत

जितेंद्र दहिया/रायपुर. अंबेडकर अस्पताल की मरच्युरी में आपदा के दौरान हुई मौत के मुआवजे में दलाली का खेल चल रहा है। पत्रिका टीम को सूचना मिलते ही मरच्युरी के सामने तीन एजेंट कैमरे में कैद हुए। ये 35 से 40 प्रतिशत की राशि की दलाली लेने के एवज में मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने का सौदा करते हैं। पत्रिका रिपोर्टर ने खुद केस दिलाने की शर्त में इन एजेंटों से चर्चा की तो उन्होंने मामले दिलाने के एवज में 10 से 15 प्रतिशत तक कमीशन देने का वादा किया। अहम बात यह है कि उन्होंने इस खेल में पुलिस के अलावा अंबेडकर अस्पताल के डॉक्टर, पटवारी व तहसील के अधिकारी भी शामिल होने की बात स्वीकारी है।

केस देखकर तय होता है परसेंटेज
एजेंटों ने बताया कि मुआवजा निकलवा पाना इतना आसान नहीं है। इसके लिए छह से चार माह का समय लग जाता है। वो खुद अपने जेब से सभी जगह से फाइल आगे बढ़वाने के लिए पैसा देते हैं। तब जाकर मुआवजा मिल पाता है। केस देख कर परसेंटेज तय होता है, जिसमें डॉक्टर का 10 प्रतिशत पुलिस का 5 प्रतिशत और तहसील 5 प्रतिशत और एजेंट का खुद 15 प्रतिशत तय रहता है।

मरच्युरी में हर रोज इनकी मौजूदगी
पत्रिका को मिली सूचना के मुताबिक ये एजेंट नियमित रूप से मरच्युरी में रहते हैं। सड़क दुर्घटना, आगजनी या सर्पदंश से मौत, लू व पानी में डूबने से मौत से जुड़े पोस्टमार्टम की सूचना इन लोगों को मेकाहारा चौकी से मिलते ही यह सक्रिय हो जाते हैं। मृतकों के परिजनों से मुआवजा दिलाने के लिए पूरा सौदा तय किया जाता है। परिजनों को आकर्षित करने के लिए मौके पर ही 10 से 15 हजार दलालों द्वारा दिया जाता है। हालांकि मुआवजा राशि मिलने पर पूरा पैसा ब्याज सहित ले लिया जाता है।

खुद करें प्रक्रिया तो अटका देते हैं फाइल
एेसा नहीं है कि खुद परिजन आपदाओं पर हुई मौत का मुआवजा खुद नहीं ले सकते। लेकिन पहले पुलिस के पंचनामा और डॉक्टर की पीएम रिपोर्ट व पटवारी का स्थल निरीक्षण के बाद तहसील में फाइल क्लियर कराने में हर जगह सुविधा शुल्क देना पड़ता है। यदि व्यक्ति बिना एजेंट के प्रक्रिया करता है तो उसकी फाइल कहीं न कहीं अटका दी जाती है।

पीएम रिपोर्ट में भी हेरफेर का दावा
रिपोर्टर से चर्चा के दौरान एजेंटों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान हुई मौत में थोड़ा बहुत हेरफेर भी किया जा सकता है। यदि व्यक्ति शराब पीकर दुर्घटना का शिकार हुआ है तो फिर मुआवजा का प्रवाधान नहीं होता। एेसे में पीएम रिपोर्ट में शराब का जिक्र नहीं किया जाता।

स्टिंग के दौरान रिकॉर्डेड बातचीत
रिपोर्टर: आप लोगों के भी किसी परिजन का पीएम हो रहा है क्या।
एजेंट: नहीं, हम लोग एजेंट हैं।

रिपोर्टर: किस तरह के एजेंट। समझ नहीं पाया।
एजेंट: हम लोग मुआवजा दिलवाते हैं।

रिपोर्टर: किस तरह के केस में।
एजेंट: सड़क दुर्घटना, आगजनी में मौत, सर्पदंश से मौत, लू व पानी में डूबने से मौत से जुड़े केस में।

रिपोर्टर: वह कैसे मिलता है।
एजेंट: कुछ नहीं मृतक के परिजनों को सिर्फ कुछ दस्तावेजों में दस्तखत करना होता है। बाकि काम हम करते हैं। चेक परिजन को ही मिलता है।

रिपोर्टर: तो आप को क्या मिलता है।
एजेंट: हमारा हिस्सा केस के आधार पर तय रहता है जो 25 से 40 प्रतिशत तक होता है।

रिपोर्टर: मेरे पास भी एेसे मामले आते रहते हैं। मैं यदि आप के पास पार्टी लेकर आउं तो मुझे कितना मिलेगा।
एजेंट: 7 से 10 प्रतिशत दे देंगे। यह तय होगा की आप पार्टी को कितने परसेंट में मना लेते हो।

रिपोर्ट: इसमें किस किस को पैसा देना पड़ता है।
एजेंट: पुलिस, डॉक्टर, तहसील, पटवारी, समेत वकील को भी पैसा देना होता है।

रिपोर्ट: आपका आफिस कहां और किस नाम से है।
एजेंट: कई लोग काम करते हैं। हमारा आफिस आजाद चौक में है। नाम से आप को क्या लेना मोबाइल नंबर दे देते हैं।

Published on: