
रायपुर@राहुल जैन। Chhattisgarh Budget 2027-28: सरकारी योजनाओं का लाभ कितने लोगों तक पहुंच रहा है और उनमें कितने वास्तविक हितग्राही हैं, अब इसका पूरा हिसाब देना होगा। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारी के लिए वित्त विभाग ने सभी विभागों से हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी मांगी है। विभागों को बताना होगा कि हर योजना में कुल कितने हितग्राही हैं, उन्हें कितनी सहायता दी जा रही है और इस पर सालाना कितना खर्च आता है। इसके साथ ही ई-केवाईसी में कितने हितग्राहियों का सत्यापन पूरा हुआ, कितने लंबित हैं और कितने फर्जी या अपात्र पाए गए, इसकी संख्या भी देनी होगी।
वित्त विभाग के निर्देश के मुताबिक, योजनाओं में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) लागू है या नहीं, इसकी जानकारी भी देनी होगी। जिन योजनाओं में डीबीटी लागू नहीं है, उनके विभागों को इसका कारण बताना होगा। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि सरकारी सहायता सीधे हितग्राही के बैंक खाते में पहुंच रही है या भुगतान की कोई दूसरी व्यवस्था है। वित्त विभाग ने 10 दिसंबर से पहले विभागों को निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुतीकरण देने को कहा है। इसके बाद 21 से 30 दिसंबर तक विभागवार सचिव एवं विभागाध्यक्ष स्तर की संयुक्त बजट चर्चा प्रस्तावित है। नए बजट में किस योजना को प्राथमिकता मिलेगी, इस पर अंतिम निर्णय मंत्री स्तरीय चर्चा में किया जाएगा।
बजट प्रस्तावों के साथ विभागों को चालू योजनाओं और नए प्रस्तावों का विवरण भी देना है। जिन योजनाओं के लक्ष्य एक-दूसरे से दोहराए जा रहे हैं, उन्हें एकीकृत कर योजनाओं की संख्या सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं। यानी एक जैसी प्रकृति की योजनाओं को अलग-अलग चलाने के बजाय उनके उद्देश्यों और कामकाज की समीक्षा भी होगी।
वित्त विभाग ने विभागों से पिछले दो वर्षों में किए गए सुधार और आगामी वर्ष के लिए प्रस्तावित सुधारों की जानकारी भी मांगी है। बजट में शामिल प्रमुख योजनाओं और कार्यों की वर्तमान स्थिति, उनकी भौतिक और वित्तीय प्रगति तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति का ब्योरा देना होगा। इससे यह सामने आएगा कि योजनाओं का लाभ केवल बजट प्रावधान तक सीमित है या उनका असर जमीन पर भी दिख रहा है। विभागों को अपनी अधीनस्थ संस्थाओं, निगमों, मंडलों, प्राधिकरणों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं की आय के स्रोत और वित्तीय स्थिति का विवरण भी देना होगा।