
Railway Board Exam: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ऑनलाइन परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करते एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मोबाइल से नकल करते पकड़ा गया। आरोपी अंडर गारमेंट में मोबाइल छिपाकर परीक्षा कक्ष में ले गया था और प्रश्नों की तस्वीरें ले रहा था। 15 जुलाई 2026 को सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की द्वितीय पाली के दौरान अफताब (28) कंप्यूटर स्क्रीन की मोबाइल से फोटो खींच रहा था।
उस पर परीक्षा ड्यूटी कर रहे अधिकारियों की नजर पड़ी। उसे पकड़ा गया। उसके मोबाइल की जांच की गई, तो उसमें प्रश्नों के फोटो मिले। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2) और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 की धारा 10(1) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने अफताब को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया है। आरोपी नागपुर महाराष्ट्र का रहने वाला है।
सरोना में सीबीटी केंद्र है। इसमें ऑनलाइन केंद्रीय भर्ती परीक्षाओं का सेंटर दिया जाता है। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं की परीक्षा हाल में जाने से पहले चेकिंग होती है। आरोपी आफताब चेकिंग सिस्टम को चकमा देकर परीक्षा हाल में अपने साथ मोबाइल ले जाने में सफल रहा। पूछताछ में खुलासा किया कि वह डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था। बरामद मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं, जो परीक्षा में प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाती थीं।